होली रमजान पर घर लौटे परदेशियों के बनेंगे आयुष्मान कार्ड
15 दिन में अवशेष परिवारों को कवर करने का लक्ष्य,
पंचायत सहायक भी निभाएंगे जिम्मेदारी
बहराइच । होली और रमजान के अवसर पर गांव-घर लौटे प्रवासी परिवारों को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष अभियान तेज कर दिया है। जिन परिवारों में अब तक एक भी सदस्य का आयुष्मान कार्ड नहीं बना है, उन्हें चिन्हित कर 15 दिन के भीतर कम से कम एक सदस्य का कार्ड बनवाने का लक्ष्य तय किया गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि जिले में 91 प्रतिशत परिवारों के आयुष्मान कार्ड बन चुके हैं, शेष 38000 परिवारों की अलग सूची तैयार कर सभी ब्लॉक चिकित्सा अधीक्षकों, खंड विकास अधिकारियों और एडीओ पंचायत को उपलब्ध करा दी गई है। आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, एएनएम, सीएचओ, पंचायत सहायकों और कोटेदारों को भी सूची सौंपी गई है, ताकि घर-घर संपर्क कर पात्र लाभार्थियों का कार्ड बनाया जा सके।
सीएमओ ने बताया कि अवशेष परिवारों के कई मामलों में मृतक अथवा विवाहित पुत्री का नाम सूची में होने जैसी विसंगतियों के कारण लक्ष्य प्राप्ति में कठिनाई आ रही है। ऐसे मामलों को खाद्य एवं पूर्ति विभाग के साथ समन्वय कर सुधारा जा रहा है। 90 दिन के विशेष अभियान के बाद संशोधित सूची शासन स्तर पर भेजी जाएगी, ताकि अपात्र नाम हटाकर पात्र परिवारों को योजना से जोड़ा जा सके। उन्होंने बताया अब तक जनपद में लगभग 10.17 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं शेष 7 के लगभग पात्र लाभार्थियों के कार्ड बनाने की प्रगति जारी है जिसकी नियमित निगरानी की जा रही है।
हाल ही में सम्पन्न हुए जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चंद्र ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया है कि त्योहारों में गांव आए लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने में पंचायत सहायक सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर विशेष सहयोग से शत-प्रतिशत पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाया जाए।
जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने भी जनपदवासियों से अपील की है कि होली और रमजान पर घर लौटे परिवार अपने निकटतम स्वास्थ्य केंद्र, कॉमन सर्विस सेंटर या पंचायत भवन पर संपर्क कर आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं। उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड गंभीर बीमारी की स्थिति में पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार का सुरक्षा कवच है, इसलिए कोई भी पात्र परिवार इससे वंचित न रहे।
:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः