रोहिताश कुमार (रोहित रोज) को नेपाल की संस्था द्वारा ‘मातृभाषा रत्न’ मानद उपाधि सम्मान…
दिल्ली के शिक्षक /साहित्यकार रोहिताश कुमार उर्फ रोहित रोज को उनकी सृजनात्मक साधना, दीर्घकालीन शैक्षणिक सेवाओं तथा साहित्यिक योगदान के लिए मातृभाषा रत्न अंतरराष्ट्रीय मानद उपाधि से अलंकृत किया गया है। यह सम्मान अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस के पावन अवसर पर काठमांडू (नेपाल) स्थित प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था शब्द प्रतिभा बहुक्षेत्रीय सम्मान फाउंडेशन द्वारा प्रदान किया गया।
उक्त संस्था का मूल उद्देश्य भारत–नेपाल के सांस्कृतिक एवं साहित्यिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करना, देवनागरी लिपि के संरक्षण एवं संवर्धन को प्रोत्साहित करना तथा हिंदी–नेपाली जैसी मैत्री भाषाओं के वैश्विक प्रसार के माध्यम से देश-विदेश के साहित्यकारों एवं शिक्षकों को अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करना है। रोहित रोज को लगभग पच्चीस वर्षों की अनवरत शिक्षण सेवा, राष्ट्रीय स्तर पर विविध साहित्यिक मंचों पर सक्रिय सहभागिता, तथा आकाशवाणी दिल्ली एवं दूरदर्शन पर काव्य-पाठ सहित साहित्यिक अवदान के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर उनके गुरुदेव डॉ. राकेश सक्सेना एवं गुरुमाता डॉ. सुनीता सक्सेना ने आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल एवं सुनहरे भविष्य की मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं। इस अवसर पर रोहित रोज ने कृतज्ञता प्रकट करते हुए कहा कि उनकी प्रत्येक उपलब्धि उनके गुरुदेव एवं गुरुमाता के शुभाशीष का ही प्रतिफल है।
रोहित रोज के मित्रों, शुभचिंतकों एवं परिजनों ने भी इस सम्मान पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाइयाँ एवं शुभकामनाएँ अर्पित कीं।