जिला पंचायत सदस्य राम सुरेश चौरसिया ( गांधी) के प्रयासों से कटाई बाजार से कटाई गांव तक पिच सड़क निर्माण कार्य शुरू, ग्रामीणों में खुशी की लहर
लगातार प्रयासों के बाद मिला समाधान, अधिकारियों का जताया आभार
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राम सुरेश चौरसिया के प्रयासों से कटाई बाजार से कटाई गांव तक की बहुप्रतीक्षित पिच सड़क का निर्माण कार्य आखिरकार शुरू हो गया है। यह सड़क पिछले दो-तीन वर्षों से विभागीय एवं ठेकेदार के बीच विवाद के चलते अधूरी पड़ी थी, जिससे राहगीरों और ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
बरसात के दिनों में स्थिति और भी बदतर हो जाती थी। कीचड़, गड्ढों और धूल भरी सड़क के कारण आवागमन बाधित रहता था, जिससे व्यापार, शिक्षा और दैनिक जीवन पर भी असर पड़ता था।
जिला पंचायत सदस्य राम सुरेश चौरसिया ने इस मुद्दे को कई बार जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में उठाया तथा संबंधित विभाग को लिखित पत्राचार कर समस्या के समाधान की मांग की। उनके निरंतर प्रयासों और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है कि अब विवादित सड़क का निर्माण कार्य तेज़ी से चल रहा है।
निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए उन्होंने गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने जिला पंचायत के अधिकारियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहयोग और प्रशासनिक सहयोग से ही विकास कार्य संभव हो पाते हैं।
ग्रामीणों ने भी सड़क निर्माण शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त की है और उम्मीद जताई है कि जल्द ही उन्हें बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी।