देवरिया में निलंबित शिक्षक की आत्महत्या से शिक्षकों में रोष, परवेज अख्तर ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग
जितेन्द्र पाठक
अखिल भारतीय असहायिक शिक्षक संघ और राष्ट्रीय प्रबंधक संघ ने संयुक्त रूप से डीएम को दिया पत्र।
संतकबीरनगर/देवरिया। जनपद देवरिया में निलंबित शिक्षक स्वर्गीय कृष्ण मोहन सिंह की कथित आत्महत्या के प्रकरण ने प्रदेश के शिक्षक समुदाय को झकझोर दिया है। घटना के विरोध में अखिल भारतीय असहायिक शिक्षक संघ और राष्ट्रीय प्रबंधक संघ ने संयुक्त रूप से संतकबीरनगर के जिलाधिकारी आलोक कुमार को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष योगेश चन्द्र द्विवेदी, जिलाध्यक्ष परवेज़ अख्तर तथा राष्ट्रीय प्रबंधक संघ के जिला अध्यक्ष त्रिलोकी नाथ द्विवेदी के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि मामला अत्यंत गंभीर और संवेदनशील है। इसकी पारदर्शी जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
संगठनों ने आरोप लगाया कि शिक्षक की आत्महत्या के पीछे प्रशासनिक दबाव और विभागीय स्तर पर कथित भ्रष्टाचार प्रमुख कारण हो सकते हैं। ज्ञापन में विशेष रूप से देवरिया के बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) की भूमिका की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच कराने की मांग उठाई गई है। संघ का कहना है कि संबंधित अधिकारी की आय से अधिक संपत्ति की भी जांच कराई जाए और यदि भ्रष्टाचार की पुष्टि होती है तो सख्त विधिक कार्रवाई करते हुए संपत्ति कुर्क की जाए।
प्रमुख मांगें
शिक्षक को आत्महत्या के लिए कथित रूप से विवश करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
संबंधित बीएसए के खिलाफ उच्चस्तरीय न्यायिक जांच कराई जाए।
दोष सिद्ध होने पर जिम्मेदार अधिकारियों को सेवा से बर्खास्त किया जाए।
पीड़ित परिवार को त्वरित न्याय और आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
शिक्षक समाज में आक्रोश
संघ पदाधिकारियों का कहना है कि इस घटना से शिक्षक समाज में भय और असंतोष का वातावरण व्याप्त है। यदि समय रहते निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो प्रदेश स्तर पर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष परवेज़ अख्तर ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि ज्ञापन को संस्तुति सहित माननीय मुख्यमंत्री, लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश शासन को अग्रसारित किया जाए तथा प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए आवश्यक टिप्पणी भी संलग्न की जाए।
संगठन ने स्पष्ट किया कि न्याय की स्थापना और शिक्षक समाज का विश्वास बनाए रखने के लिए पारदर्शी, समयबद्ध और स्वतंत्र जांच अनिवार्य है। दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई न होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
इस अवसर पर वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष श्री सलेक चंद्र गुप्ता जी, जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद हामिद अंसारी जी, ब्लाक अध्यक्ष खलीलाबाद श्री गणेश प्रसाद शर्मा जी, ब्लाक अध्यक्ष बेलहर श्री जे0पी0सिह, ब्लाक उपाध्यक्ष, ब्लाक मंत्री खलीलाबाद श्री दिलीप कुमार चौरसिया, जिला कोषाध्यक्ष श्री धीरज चौधरी जी एवं अन्य प्रबंधक मौजूद रहे।