वार्ड नंबर 18 में सड़क चौड़ीकरण, पुल निर्माण और बिजली सुधार की मांग को लेकर जिला पंचायत सदस्य मास्टर राम सुरेश चौरसिया ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

वार्ड नंबर 18 में सड़क चौड़ीकरण, पुल निर्माण और बिजली सुधार की मांग को लेकर जिला पंचायत सदस्य मास्टर राम सुरेश चौरसिया ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

 

जितेन्द्र पाठक

 

 

संत कबीर नगर, जिला पंचायत वार्ड संख्या-18 के सदस्य मास्टर राम सुरेश चौरसिया ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं के समाधान की मांग की है। उन्होंने सड़क चौड़ीकरण, पुल निर्माण और ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त कराने के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग उठाई है।

 

ज्ञापन में कहा गया है कि बाबा तामेश्वरनाथ धाम नौरंगिया से जिगिना-अहरा मार्ग, जो संत कबीर नगर और बस्ती को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, अत्यंत व्यस्त और महत्वपूर्ण सड़क है। इसी मार्ग से क्षेत्र के गन्ना किसान अपनी उपज मुण्डेरवा शुगर मिल तक पहुंचाते हैं। इसके अलावा कर्री बाजार धर्मशाला से मझगांवा बाजार होते हुए तरैनी-बनकटी (बस्ती) मार्ग भी दक्षिण क्षेत्र को जोड़ने का मुख्य रास्ता है। दोनों मार्ग वर्तमान में सिंगल रोड हैं और लंबे समय से इनके चौड़ीकरण की मांग की जा रही है।

 

जिला पंचायत सदस्य ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत बाबा तामेश्वरनाथ धाम से जुड़े मार्गों का चौड़ीकरण कराया जाना आवश्यक है, जिससे आवागमन सुगम हो सके और दुर्घटनाओं पर रोक लगे।

 

ज्ञापन में ग्राम पंचायत खरवनिया कला के पश्चिम स्थित कष्टहरनी नदी/नाले पर पुल निर्माण की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई है। पुल न होने से दोनों ओर के ग्रामीणों को लंबा चक्कर लगाना पड़ता है, जिससे समय और धन की हानि होती है।

बताया गया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा इस नदी पर अन्य स्थानों पर पुलों का निर्माण कराया गया है, लेकिन संबंधित स्थान को विभागीय दायरे से बाहर बताया जा रहा है। इस संबंध में स्पष्ट निर्णय लेते हुए शीघ्र पुल निर्माण की मांग की गई है।

 

तीसरे प्रमुख मुद्दे के रूप में वार्ड संख्या-18 के विभिन्न गांवों में जर्जर और खुले एलटी तार, खराब ट्रांसफॉर्मर तथा अधूरे विद्युत पोलों की समस्या उठाई गई है।

जिगिना, रिवाखोर, धरमैनी, जसुई देवघटा, भगता, नैनाझाला, खजूहा, सिकरी, किड़हिरिया, भिउरा, तरैनी, चमरसन, महदेवा, देवरी, इमिलडीहा, गढ़वा, गोरयाभार, मंझरिया गंगा, शिवशंकरपुर, उपरौध तथा मझगांवा बाजार सहित कई गांवों में नए पोल, केबिल एलटी तार और ट्रांसफॉर्मर लगाने की मांग की गई है।

जिला पंचायत सदस्य ने अधिशासी अभियंता, विद्युत खंड खलीलाबाद को विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ कराने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित और नियमित बिजली आपूर्ति मिल सके।

जिला पंचायत सदस्य ने कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र की जनता आंदोलन को बाध्य होगी। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से जनहित में त्वरित निर्णय लेने की अपील की।