ग्रामीण शिक्षा को नई उड़ान: एम. एन. पब्लिक इंटर कॉलेज सोनौरा गौसी को CBSE से इंटरमीडिएट तक मान्यता

ग्रामीण शिक्षा को नई उड़ान: एम. एन. पब्लिक इंटर कॉलेज सोनौरा गौसी को CBSE से इंटरमीडिएट तक मान्यता

 

बेहतर शिक्षा और सुविधाओं का संकल्प, मेधावी छात्रों के लिए छात्रवृत्ति योजना

 

जितेन्द्र पाठक

 

 

संतकबीरनगर जनपद के सेमरियावां विकास खंड अंतर्गत सोनौरा गौसी स्थित एम. एन. पब्लिक इंटर कॉलेज सोनौरा गौसी ने शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए नर्सरी से कक्षा 12वीं (इंटरमीडिएट) तक केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) से आधिकारिक संबद्धता प्राप्त कर ली है।

यह मान्यता क्षेत्र के लिए किसी मील के पत्थर से कम नहीं है। सेमरियावां क्षेत्र लंबे समय से शैक्षणिक संसाधनों की दृष्टि से पिछड़ा माना जाता रहा है। बेहतर शिक्षा की तलाश में अभिभावकों को अपने बच्चों को बस्ती, गोरखपुर या अन्य शहरों में भेजना पड़ता था, जिससे आर्थिक और सामाजिक कठिनाइयाँ उत्पन्न होती थीं।

अब स्थानीय विद्यार्थियों को राष्ट्रीय पाठ्यक्रम के अनुरूप शिक्षा अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध होगी। इससे न केवल समय और धन की बचत होगी, बल्कि ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर भी मिलेगा। अब सीबीएसई की पढ़ाई के लिए विद्यार्थियों को दूर-दराज के शहरों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।

विद्यालय के प्रबंध निदेशक शोएब अहमद नदवी ने इस उपलब्धि को विद्यालय परिवार की वर्षों की मेहनत, शिक्षकों की प्रतिबद्धता और अभिभावकों के अटूट विश्वास का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि विद्यालय का लक्ष्य केवल उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर केंद्रित है। आधुनिक शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को विकसित करना संस्था की प्राथमिकता है।

विद्यालय के प्रबंधक जुबैर अहमद ने इसे ग्रामीण क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि अब यहां के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

साथ ही विद्यालय प्रशासन ने आर्थिक रूप से कमजोर और मेधावी विद्यार्थियों के लिए विशेष छात्रवृत्ति योजनाएं प्रारंभ करने की घोषणा की है, ताकि कोई भी प्रतिभा संसाधनों के अभाव में पीछे न रह जाए।

एम. एन. पब्लिक इंटर कॉलेज सोनौरा गौसी आज शिक्षा जगत में एक मिसाल बनकर उभरा है और ग्रामीण शिक्षा को नई दिशा देने की ओर अग्रसर है।