होली पर्व पर 28 फरवरी से 9 मार्च तक अतिरिक्त बसों का संचालन, चालक-परिचालकों के लिए विशेष प्रोत्साहन योजना लागू

लखनऊ उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने होली पर्व को देखते हुए प्रदेश में अतिरिक्त बसों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि होली के अवसर पर प्रदेश एवं देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में लोग अपने घरों को लौटते हैं, ऐसे में 28 फरवरी से 9 मार्च, 2026 तक विशेष प्रबंध किए जाएं ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।उन्होंने विशेष रूप से गाजियाबाद, दिल्ली एवं पश्चिमी क्षेत्रों से होने वाली अधिक यात्रा को ध्यान में रखते हुए वहां बसों और कर्मचारियों की संख्या आवश्यकता के अनुसार बढ़ाने के निर्देश दिए। यदि प्रारंभिक प्वाइंट से 60 प्रतिशत यात्री लोड प्राप्त होता है तो पूर्वी क्षेत्र के अधिकारी अतिरिक्त सेवाओं का संचालन सुनिश्चित करें। उन्होंने शत-प्रतिशत निगम बसों को ऑनरोड रखने तथा अनुबंधित बसों को अवकाश न देने के निर्देश भी दिए। वाहन स्वामियों से कहा गया है कि वे समय से मरम्मत कराकर बसें संचालन के लिए उपलब्ध कराएं।परिवहन मंत्री ने जाम या दुर्घटना की स्थिति में अवरुद्ध संचालन को शीघ्र सामान्य करने की तैयारी रखने को कहा है। प्रवर्तन दलों को निरंतर ड्यूटी पर तैनात रहने तथा चालकों और परिचालकों की ब्रेथ एनलाइजर जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित हो सके। बसों में सभी आवश्यक कल-पुर्जों की स्थिति दुरुस्त रहे, खिड़कियों के शीशे सही हों, सीटें ठीक हों तथा फायर सेफ्टी उपकरण उपलब्ध हों। बस स्टेशनों और बसों में साफ-सफाई की उत्तम व्यवस्था बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया है।पर्व अवधि के लिए विशेष प्रोत्साहन योजना भी लागू की गई है। संविदा एवं आउटसोर्सिंग चालक-परिचालकों को औसतन 300 किलोमीटर प्रतिदिन संचालन करने पर 360 रुपये प्रतिदिन की दर से अधिकतम 3600 रुपये की विशेष प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यदि कोई कार्मिक 10 दिन की पूरी अवधि तक निर्धारित मानक के अनुसार ड्यूटी करता है तो उसे 450 रुपये प्रतिदिन की दर से 4500 रुपये दिए जाएंगे। निर्धारित मानक से अधिक किलोमीटर संचालन करने पर प्रति अतिरिक्त किलोमीटर 55 पैसे का अतिरिक्त मानदेय भी दिया जाएगा।इसके अतिरिक्त डिपो एवं क्षेत्रीय कार्यशालाओं में कार्यरत कार्मिकों, जिनमें आउटसोर्स कर्मी भी शामिल हैं, को 10 दिन लगातार ड्यूटी करने पर 2100 रुपये तथा 9 दिन ड्यूटी करने पर 1800 रुपये की एकमुश्त राशि प्रदान की जाएगी। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों और उपाधिकारियों को क्षेत्रीय समिति की संस्तुति पर अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके लिए क्षेत्रीय प्रबंधकों को 10 हजार रुपये तथा सेवा प्रबंधकों को 5 हजार रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक डिपो स्तर पर निगम एवं अनुबंधित बसों की संख्या के आधार पर 50 रुपये प्रति बस के अनुसार गणना कर उत्कृष्ट कर्मचारियों में राशि वितरित करेंगे।प्रोत्साहन अवधि में प्रदेश स्तर पर प्रति बस सर्वाधिक आय अर्जित करने वाले तीन क्षेत्रों के क्षेत्रीय एवं सेवा प्रबंधकों तथा 10 डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को परिवहन निगम की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।