छप्पर में आग,पांच बकरियों की मौत: हजारों का सामान जला, एक भैंस झुलसी; पुलिस जांच जारी
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
प्रतापगढ़ जिले के बाघराय थाना क्षेत्र के खरेला गांव में बीती रात एक छप्पर में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। इस अग्निकांड में पांच बकरियों की मौत हो गई और लाखों रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। घटना में एक भैंस भी झुलस गई है।
गांव निवासी रीता देवी पत्नी लल्लू जी गौतम के छप्पर में रात करीब 1:50 बजे आग लगी। रीता देवी के अनुसार, जब उनका परिवार सो रहा था, तभी अचानक छप्पर में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरा छप्पर जलकर राख हो गया।
पीड़िता ने बताया कि उन्हें आग लगने के कारणों या इसे किसने लगाया, इसकी जानकारी नहीं है। आग बुझाने के प्रयास में रीता देवी भी आंशिक रूप से झुलस गई हैं। आग की चपेट में आने से पांच बकरियों की मौत हो गई, जबकि एक भैंस बुरी तरह झुलस गई। छप्पर में रखा सारा घरेलू सामान और अनाज भी जलकर बर्बाद हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की और पीड़िता को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराने का निर्देश दिया। आज, 23 फरवरी 2026 को पीड़िता ने बाघराय थाना अध्यक्ष को शिकायती पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्यवाही की मांग की है। थाना प्रभारी श्रवण कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है ताकि आग लगने के कारणों का पता चल सके।