डीएम अक्षय त्रिपाठी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई जिला शान्ति समिति की बैठक 

डीएम अक्षय त्रिपाठी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई जिला शान्ति समिति की बैठक

बहराइच 23 फरवरी। आसन्न होली, रमज़ान, अलविदा एवं ईद इत्यादि त्योंहारों को शान्ति पूर्ण माहौल में मनाये जाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित जिला शान्ति समिति की बैठक अत्यन्त सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। बैठक के दौरान जिला प्रशासन के साथ साथ मौजूद सभी संभ्रान्त नागरिकों द्वारा आशा व्यक्त की गई कि पूर्व वर्षाे की भांति इस वर्ष भी जनपद में होली रमज़ान, अलविदा एवं ईद इत्यादि त्योंहारों को मिसाली भाई-चारे के साथ मनाया जायेगा।

जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने लोगों से अपील की कि जनपद के भाईचारगी की मिसाल को कायम रखें। उन्होंने कहा कि यह बेहद खुशी की बात है कि गंगा-जुमनी तहज़ीब के लिए जनपद अपनी मिसाल स्वयं है इसके लिए सभी सम्मानित नागरिक बधाई के पात्र हैं। डीएम ने सभी से अपील की कि होली, रमज़ान, अलविदा एवं ईद इत्यादि त्योंहारों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में हंसी खुशी के साथ मनायें। उन्होंने कहा कि त्योहार मनाते समय इस बात का भी ख्याल रखा जाय कि बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होने वाले छात्र-छात्राओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

डीएम ने कहा कि त्योहारों के अवसर पर शान्ति व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन की ओर से कोई कोताही नहीं बरती जायेगी। सभी एसडीएम व सीओ को अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी सतर्कता बरतने, शान्ति समिति की बैठकें आयोजित कराये जाने के निर्देश दिये गये हैं। नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक स्थानों पर मजिस्ट्रेटों की तैनाती भी की जा रही है। उन्होंने सभी एसडीएम व सीओ को निर्देश दिया कि तहसील व थाना स्तर पर सम्पन्न होने वाली शान्ति समिति की बैठकों में जो भी बातें संज्ञान में आयी हैं उसका अनुपालन करा लें।

जिलाधिकारी ने कहा कि होली, रमज़ान, अलविदा एवं ईद इत्यादि त्योंहारों के अवसर पर समुचित साफ-सफाई, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल इत्यादि के लिए माकूल बन्दोबस्त किये जायेंगे। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरों के ज़रीये शहर पर नज़र रखी जायेगी। डीएम ने बुज़ुर्गाे से अपील की कि बच्चों और युवाओं की गतिविधियों पर विशेष ध्यान रखें। डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन को उम्मीद ही नहीं अपितु पूर्ण विश्वास है कि आसन्न त्योहार भी हम सभी लोग पूर्व में बीते त्यौहारों की भांति सौहार्द पूर्ण वातावरण में मनायेंगे।

पुलिस अधीक्षक रामनयन सिंह ने कहा कि जिले में त्यौहारों के अवसर पर गुड पुलिसिंग की व्यवस्था रहेगी। कानून एवं शान्ति व्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सजग व सतर्क है। सोशल मीडिया व असामाजिक तत्वों पर नज़र रखी जा रही है। अराजकता फैलाने व कानून एवं शान्ति व्यवस्था से खिलवाड करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने सभी को होली, रमजान, अलविदा, ईद इत्यादि त्योहार को हंसी-खुशी के साथ मनाने की अपील करते हुए प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को सुझाव दिया कि त्योहारों के अवसर पर कानून एवं शान्ति व्यवस्था बनाए रखने में संभ्रान्तजनों से भी अपेक्षित सहयोग लें।

होली समिति के ‘अध्यक्ष दीपक प्रकाश सोनी उर्फ दाऊजी ने सभी मौजूद लोगों को होली की बधाई देते हुए जिला प्रशासन से होलिका दहन स्थलों पर समुचित साफ-सफाई, प्रकाश एवं जल की समुचित व्यवस्था कराए जाने तथा होली त्योहार के अवसर पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराए जाने का सुझाव दिया। उन्होंने जिला प्रशासन से यह भी अपेक्षा की कि पूर्व के वर्षाे में जो भी छोटी मोटी घटनाएं हुई हैं उनका भी संज्ञान लेते हुए समय से आवश्यक प्रबन्ध किये जाएं।

बैठक में मौजूद न.पा.परि. बहराइच के पूर्व अध्यक्ष तेजे खॉ, मौलाना इनायत उल्लाह कासमी, लड्डन नेता फखरपुर, रूमी मिंया, राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता, जफर उल्लाह खां ‘बन्टी’ परशुराम कुशवाहा, आशीष कंसल सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आये हुए धर्मगुरूओं व संभ्रान्तजनों द्वारा साफ-सफाई, बिजली, पानी इत्यादि के सम्बन्ध में महत्वपूर्ण सुझाव दिये गये। अध्यक्ष नगर पालिका परिषद बहराइच के प्रतिनिधि श्यामकरन टेकड़ीवाल ने आश्वस्त किया कि त्योहारों के अवसर पर साफ-सफाई, जलापूर्ति व पथ प्रकाश व्यवस्था के माकूल बन्दोबस्त किये जायेंगे।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अमित कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद व नगर आशोक कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद, एसडीएम व पुलिस क्षेत्राधिकारी, सम्बन्धित विभागीय अधिकारी, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी, थानाध्यक्ष, धर्मगुरू, गणमान्य एवं संभ्रान्तजन तथा अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।

:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः