
महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या धाम। सप्तसागर कॉलोनी स्थित श्री बाल हनुमान मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का समापन भव्य भंडारे के साथ संपन्न हुआ। मंदिर के आयोजक राम मंगल दास त्यागी एवं उत्तराधिकारी जयप्रकाश दास सहित समस्त शिष्यगणों के सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान ने क्षेत्र को भक्ति के रस में सराबोर कर दिया। विशिष्ट जनों की रही उपस्थिति कथा की पूर्णाहूति के उपरांत आयोजित विशाल भंडारे में अयोध्या के विभिन्न मठ-मंदिरों से आए विशिष्ट साधु-संतों, महंतों और बड़ी संख्या में गृहस्थ श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर संतों ने आयोजकों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सनातन धर्म के प्रति आस्था सुदृढ़ होती है। भक्ति और सेवा का संगम आयोजक राम मंगल दास त्यागी ने बताया कि भागवत कथा के माध्यम से प्रभु की लीलाओं का श्रवण करना सौभाग्य की बात है। वहीं, उत्तराधिकारी जयप्रकाश दास ने आए हुए सभी अतिथियों और भक्तों का आभार व्यक्त किया। भंडारे में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए शिष्यगणों द्वारा सेवा-व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे सभी ने सुव्यवस्थित ढंग से प्रसाद पाया। श्री बाल हनुमान मंदिर में सजी भव्य झाँकी और साधु-संतों का दिव्य सानिध्य चर्चा का केंद्र रहा ।