रहीमाबाद-दिलावरनगर रेलखंड पर दर्दनाक हादसा, ट्रेन की चपेट में आने से दो युवतियों की मौत

लखनऊ। राजधानी के रहीमाबाद थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक रेल हादसे में दो युवतियों की मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल व्याप्त हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंच गए और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 फरवरी 2026 को सुबह लगभग 11:25 बजे स्टेशन अधीक्षक, उत्तर रेलवे, रहीमाबाद द्वारा थाना रहीमाबाद पर लिखित सूचना दी गई कि डाउन बॉक्स एन ट्रेन के चालक ने रहीमाबाद और दिलावरनगर रेलवे स्टेशन के मध्य किलोमीटर संख्या 1106/18-1106/16 पर एक रेल दुर्घटना होने की जानकारी दी है। चालक द्वारा दी गई सूचना में बताया गया कि ट्रैक पर दो युवतियां ट्रेन की चपेट में आ गई हैं।सूचना प्राप्त होते ही थाना रहीमाबाद की पुलिस तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई और रेलवे अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके पर की गई प्रारंभिक जांच में मृतकों की पहचान नीतू (23 वर्ष) पुत्री बुद्धा तथा शशी (20 वर्ष) पुत्री अशर्फी लाल निवासी ग्राम मनकौटी, थाना रहीमाबाद, जनपद लखनऊ के रूप में हुई। दोनों युवतियों की ट्रेन से कट जाने के कारण मौके पर ही मृत्यु हो गई।घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए, जहां माहौल अत्यंत भावुक और गमगीन हो गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर परिजनों की उपस्थिति में पंचायतनामा की कार्रवाई पूर्ण की और नियमानुसार पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस द्वारा घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। यह स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना दुर्घटनावश हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। परिजनों और स्थानीय लोगों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है तथा आसपास के क्षेत्र में भी जानकारी एकत्र की जा रही है।फिलहाल पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है और ग्रामीणों में गहरा दुख व्याप्त है।