सीटीईटी परीक्षा में फर्जी अभ्यर्थी गिरफ्तार: लालगंज केंद्र पर दूसरे की जगह परीक्षा दे रहा था आरोपी, भेजा गया जेल
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
प्रतापगढ़ जिले के लालगंज में सीटीईटी परीक्षा के दौरान एक फर्जी अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया गया है। यह मामला पं. नागेश दत्त पब्लिक स्कूल, अझारा स्थित परीक्षा केंद्र पर सामने आया, जहां एक व्यक्ति दूसरे की जगह परीक्षा दे रहा था।
घटना 07 फरवरी 2026 को द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान हुई। जांच के दौरान पाया गया कि पंजीकृत अभ्यर्थी के स्थान पर कोई और व्यक्ति परीक्षा दे रहा था। पहचान पत्र में दर्ज विवरण और परीक्षा दे रहे व्यक्ति के हुलिए में स्पष्ट अंतर मिलने के बाद यह गड़बड़ी उजागर हुई। परीक्षा केंद्र अधीक्षक की तहरीर पर लालगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि अभ्यर्थी उमेश कुमार निर्मल की जगह संजय कुमार नामक व्यक्ति परीक्षा दे रहा था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके से हिरासत में ले लिया। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय और क्षेत्राधिकारी लालगंज आशुतोष मिश्रा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी आलोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस मामले का खुलासा किया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान संजय कुमार (पुत्र अंगनूलाल, निवासी अमरसा, पोस्ट चायल, जनपद कौशाम्बी, उम्र लगभग 30 वर्ष) के रूप में हुई है। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से रविवार को जेल भेज दिया गया। इस मामले में उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम 2024 की धारा 11 के तहत दो नामजद अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।