धुरंधर 2 और टॉक्सिक से डरी पेड्डी? अब 30 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी राम चरण की फिल्म

तेलुगु सुपरस्टार राम चरण के फैंस के लिए गुड न्यूज हैं. राम चरण की आगामी एक्शन स्पोर्ट्स ड्रामा पेड्डी की नई रिलीज डेट आ गई है. मेकर्स ने फिल्म के नए पोस्ट के साथ नई रिलीज डेट से पर्दा हटाया है. फिल्म की रिलीज डेट को अप्रैल तक टाल दिया गया है.
डायरेक्टर बुची बाबू सना की बेसब्री से इंतजार की जा रही फिल्म पेड्डी के मेकर्स ने बुधवार को अनाउंस किया कि यह जबरदस्त एक्शन एंटरटेनर फिल्म अब इस साल अप्रैल में दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी. मेकर्स ने आगामी फिल्म का नया पोस्टर जारी करते हुए बताया कि यह फिल्म अब 30 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
वहीं, राम चरण ने भी पेड्डी की नई रिलीज डेट के बारे में जानकारी देने के लिए अपने इंस्टाग्राम पर फिल्म का नया पोस्टर शेयर किया है और कैप्शन मे लिखा है, पेड्डी आपसे 30 अप्रैल, 2026 को मिलेंगी. याद दिला दें कि फिल्म के मेकर्स ने पहले अनाउंस किया था कि फिल्म इस साल 27 मार्च को रिलीज होगी. लेकिन अब यह 30 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
मार्च में बॉक्स ऑफिस पर कई फिल्में रिलीज हो रही हैं, जिनमें से दो बड़ी फिल्में लोगों का ध्यान खींच रही है- पहली रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 और एक्टर यश की टॉक्सिक. ये दोनों फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में एक-दूसरे को टक्कर देने उतरेगी. माना जा रहा है कि इन दोनों फिल्मों के टकराव से बचने के लिए मेकर्स ने पेड्डी की डेट आगे बढ़ाने का फैसला किए होंगे.
बता दें पेड्डी की यूनिट ने पिछले साल दिसंबर के आखिरी हफ्ते में अपना दिल्ली शेड्यूल पूरा कर लिया था. जाने-माने सिनेमैटोग्राफर रत्नावेलु ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर दिल्ली के सेट से तस्वीरें पोस्ट की थीं. उन्होंने यह भी बताया था कि यूनिट ने दिल्ली शेड्यूल को शानदार तरीके से पूरा कर लिया है.
पेड्डी में राम चरण और जाह्नवी कपूर के अलावा शिव राजकुमार, जगपति बाबू और दिव्येंदु शर्मा भी अहम भूमिकाओं में हैं. यह फिल्म वृद्धि सिनेमाज, मैत्री मूवी मेकर्स और सुकुमार राइटिंग्स द्वारा प्रोड्यूस की गई है. ए.आर. रहमान ने इस फिल्म में म्यूजिक दिया है.