भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अमर राय के नेतृत्व में महर्षि वाल्मीकि विद्यापीठ इंटर कॉलेज में तीन दिवसीय समारोह का भव्य समापन

भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अमर राय के नेतृत्व में महर्षि वाल्मीकि विद्यापीठ इंटर कॉलेज में तीन दिवसीय समारोह का भव्य समापन

 

जितेन्द्र पाठक

 

संतकबीरनगर। धनघटा थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित महर्षि वाल्मीकि विद्यापीठ इंटर कॉलेज, भैंसा टीकर में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार तथा लोक कल्याण सेवा संस्थान, संतकबीरनगर के संयुक्त तत्वावधान में भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय समारोह का मंगलवार को गरिमामय एवं प्रेरणादायी वातावरण में समापन हुआ। इस कार्यक्रम का सफल आयोजन वरिष्ठ भाजपा नेता एवं भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अमर राय के नेतृत्व में किया गया।

 

सांस्कृतिक कार्यक्रमों,प्रतियोगिताओं और प्रदर्शनी में दिखा राष्ट्रीय एकता का संदेश

 

समापन दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, निबंध प्रतियोगिता, व्याख्यान सत्र एवं क्षेत्रीय प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। निबंध प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व, दूरदर्शिता, प्रशासनिक क्षमता एवं अखंड भारत के निर्माण में उनके योगदान पर सारगर्भित विचार प्रस्तुत किए।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देशभक्ति गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। प्रदर्शनी में सरदार पटेल के जीवन, स्वतंत्रता आंदोलन तथा रियासतों के एकीकरण से जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों को चित्रों और दस्तावेजों के माध्यम से दर्शाया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समापन अवसर पर सहभोज कार्यक्रम का भी आयोजन हुआ।

 

सरदार पटेल अखंड भारत के महान शिल्पकार थे: स्वामी अनंतानंद सरस्वती जी महाराज

 

मुख्य अतिथि अनंत श्री विभूषित जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी अनंतानंद सरस्वती जी महाराज ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपने दृढ़ संकल्प और साहसिक निर्णयों से भारत को एक सूत्र में बांधा। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और चरित्र निर्माण पर बल देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, विधायक गणेश चौहान, पूर्व जिला अध्यक्ष जगदंबा प्रसाद श्रीवास्तव एवं ललित चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अंत में भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अमर राय ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन राष्ट्र एकता, सांस्कृतिक गौरव और सामाजिक उत्तरदायित्व के संकल्प के साथ हुआ।