परिषदीय अनुदेशकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा, सरकार के निर्णय पर एसोसिएशन ने जताया आभार
बस्ती। सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में दिनांक 29 जनवरी 2026 को सम्पन्न कैबिनेट बैठक में उत्तर प्रदेश के लगभग 25,000 परिषदीय अनुदेशकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान किए जाने के ऐतिहासिक एवं जनकल्याणकारी निर्णय पर परिषदीय अनुदेशक कल्याण एसोसिएशन उत्तर प्रदेश ने हृदय से आभार व्यक्त किया है।
इसी क्रम में बुधवार को एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र से भेंट कर उन्हें आभार एवं मांग-पत्र सौंपा। प्रतिनिधियों ने कहा कि यह निर्णय अनुदेशक परिवार के लिए अत्यंत राहतप्रद, सम्मानजनक एवं विश्वास बढ़ाने वाला है, जो प्रदेश सरकार की अनुदेशकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सामाजिक सरोकारों के प्रति सकारात्मक सोच को दर्शाता है।
एसोसिएशन ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए मुख्यमंत्री, बेसिक शिक्षा मंत्री तथा समस्त जनप्रतिनिधियों के प्रति हार्दिक कृतज्ञता ज्ञापित की। साथ ही, अनुदेशकों की कुछ न्यायोचित, व्यावहारिक एवं मानवीय मांगों को भी जिला अध्यक्ष के माध्यम से शासन स्तर पर प्रस्तुत किए जाने का अनुरोध किया।
एसोसिएशन द्वारा प्रस्तुत प्रमुख मांगों में अनुदेशकों के नियमितीकरण, नियमितीकरण तक सम्मानजनक मानदेय, स्वतः नवीनीकरण व्यवस्था, 14 आकस्मिक अवकाश, मेडिकल अवकाश की स्पष्ट व्यवस्था, महिला अनुदेशकों के लिए स्थानांतरण सुविधा, एक बार स्थानांतरण का अवसर, 12 माह का पूर्ण मानदेय तथा सेवा आयु 62 वर्ष निर्धारित किए जाने जैसी महत्वपूर्ण मांगें शामिल हैं।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा क्षेत्र से जुड़े प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। परिषदीय अनुदेशकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान किया जाना सरकार की संवेदनशील एवं कल्याणकारी सोच का परिचायक है। अनुदेशकों की अन्य मांगें भी शासन स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर सकारात्मक समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान प्रमोद कुमार पाण्डेय, रमाकान्त चौधरी, अल्का रानी, रंजना, रचना, जयचन्द्र, सुभाष चन्द्र, गौतम कुमार सहित अन्य अनुदेशक उपस्थित रहे।