नाले में गिरी बस, पांच बच्चे घायल: टैंकर ने पीछे से मारी टक्कर, अनियंत्रित होकर नाले में गिरी; चालक फरार
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
प्रतापगढ़ जिले के लालगंज क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की स्कूली बस को एक अनियंत्रित तेल टैंकर ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बस सड़क किनारे नाले में जा गिरी। इस हादसे में बस में सवार पांच बच्चे घायल हो गए।
यह घटना लालगंज क्षेत्र के खजूरी में हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का संतुलन बिगड़ गया और वह नाले में पलट गई। हादसे के समय बस में लगभग 30 स्कूली बच्चे सवार थे।
घायल बच्चों को तत्काल एंबुलेंस से लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायलों में डगरारा निवासी अंबिका वर्मा (14, कक्षा 7), दर्रा निवासी हरिओम सिंह (17, कक्षा 12), ओरीपुर नैगीर निवासी अभिमन्यु तिवारी (कक्षा 9), समसपुर दर्रा निवासी आयुष प्रताप सिंह (कक्षा 9) और गोड़वा निवासी अन्नू जायसवाल (18, कक्षा 12) शामिल हैं।
हादसे के बाद तेल टैंकर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर लालगंज पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। टैंकर चालक की पहचान कर उसके खिलाफ जल्द ही उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।