तहसील व जिला मुख्यालय पर आयोजित होगा मेगा/वृहद सहायता एवं सेवा शिविर
बहराइच 03 फरवरी। मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र ने बताया कि मा. कार्यपालक अध्यक्ष/वरिष्ठ न्यायमूर्ति, उ.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण तथा जिलाधिकारी के निर्देशानुसार 06 से 13 फरवरी 2026 तक तहसील मुख्यालयों तथा 22 फरवरी 2026 को उत्थान आडिटोरियम बहराइच में जनपद स्तरीय मेगा/वृहद सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
सीडीओ श्री चन्द्र ने बताया कि मेगा/वृहद सहायता एवं सेवा शिविर के दौरान बी.जी. रामजी योजना, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना, पंचायत राज विभाग, समाज कल्याण विभाग, दिव्यांग सशक्तीकरण विभाग, पशुपालन व डेयरी उद्योग, महिला एवं बाल विकास विभाग, बेसिक, माध्यमिक, उच्च, प्राविधिक शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, जल जीवन मिशन, स्वरोजगार और कौशल विकास, एक जनपद एक उत्पाद, डाक विभाग, वन विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, श्रम विभाग, मत्स्य, राजस्व, युवा कल्याण, रेशम व नेहरू युवा कल्याण विभाग व नेडा इत्यादि विभागों द्वारा पण्डाल लगाकर विभागीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार तथा लाभार्थियों का पंजीकरण किया जायेगा।
शिविर आयोजन की जानकारी देते हुए सीडीओ ने बताया कि 06 फरवरी को तहसील मुख्यालय सदर पर आयोजित मेगा शिविर में विकास खण्ड चित्तौरा, रिसिया व नगर पालिका परिषद द्वारा प्रतिभाग किया जायेगा। इसी प्रकार 07 को तहसील मुख्यालय पयागपुर में विकास खण्ड पयागपुर, विशेश्वरगंज, हुज़ूरपुर व नगर पंचायत पयागपुर, 09 को तहसील मुख्यालय नानपारा में विकास खण्ड बलहा, शिवपुर, नवाबगंज, नगर पालिका परिषद नानपारा व नगर पंचायत रिसिया, 10 को तहसील मुख्यालय महसी में विकास खण्ड तेजवापुर व महसी, 11 को तहसील मुख्यालय कैसरगंज में विकास खण्ड फखरपुर, जरवल व कैसरगंज तथा नगर पंचायत कैसरगंज एवं जरवल तथा 13 फरवरी को तहसील मुख्यालय मिहींपुरवा में आयोजित मेगा शिविर में विकास खण्ड व नगर पंचायत मिहींपुरवा द्वारा प्रतिभाग किया जायेगा।
सीडीओ ने बताया कि 22 फरवरी 2026 को कपूरथला परिसर स्थित उत्थान आडिटोरियम में आयोजित होने वाले जनपद स्तरीय मेगा/वृहद सहायता एवं सेवा शिविर में तहसील स्तर पर चयनित किये गये लाभार्थियों को किट एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किया जायेगा तथा महिला बाल कल्याण विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई तथा बच्चों का अन्नप्रासन भी कराया जायेगा।
:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः