युवा शक्ति को नशे से बचाकर उनकी शक्ति को देश के उत्थान के लगाने से होगा विकास-ओम प्रकाश आर्य

युवा शक्ति को नशे से बचाकर उनकी शक्ति को देश के उत्थान के लगाने से होगा विकास-ओम प्रकाश आर्य

बस्ती ( अनुराग लक्ष्य न्यूज ) युवा किसी भी देश की सबसे बड़ी पूँजी होते हैं। युवा ही देश की सोच, दिशा और दशा तय करते हैं। लेकिन आज यही युवा शक्ति नशे जैसी घातक बुराई की गिरफ्त में आती जा रही है। शराब, सिगरेट, तंबाकू, ड्रग्स और सिंथेटिक नशे युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और जीवन को धीरे-धीरे खोखला कर रहे हैं। यह उद्गार ओम प्रकाश आर्य प्रधान आर्य समाज नई बाजार बस्ती ने स्वामी दयानन्द विद्यालय सुरतीहट्टा बस्ती में आयोजित साप्ताहिक यज्ञ कार्यक्रम में व्यक्त किए। इससे पूर्व शिक्षक नितेश कुमार द्वारा विधि विधान से वैदिक यज्ञ कराया गया और उसके वैज्ञानिक लाभ बताए गए। आर्य ने कहा कि आज का युवा प्रतिस्पर्धा, करियर, परीक्षा, बेरोज़गारी और पारिवारिक अपेक्षाओं के भारी दबाव में है। कई युवा तनाव से बचने के लिए नशे को सहारा बना लेते हैं। आज माता-पिता बच्चों को सुविधाएँ तो देते हैं, लेकिन समय नहीं दे पाते। जब संवाद टूटता है, तो युवा अपने दर्द और उलझनें बाहर गलत रास्तों में तलाशने लगते हैं।

फिल्मों, वेब सीरीज़ और सोशल मीडिया पर नशे को ग्लैमर के रूप में दिखाया जाता है, जिससे युवाओं के मन में यह भ्रम पैदा होता है कि नशा आधुनिकता या सफलता की पहचान है।

जागरूकता और सही मार्गदर्शन का अभाव युवाओं को गलत रस्ते की ओर अग्रसर कर देता है।

हमें युवा शक्ति को नशे से बचाकर उनकी ऊर्जा को देश के लिए लगाना होगा तभी देश की उन्नति होगी।

परिवार को चाहिए कि माता-पिता बच्चों के मित्र बनें। उनके साथ खुलकर बातचीत करें। उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनें। अच्छे संस्कार और आत्मविश्वास दें। मजबूत परिवार, नशे के खिलाफ पहली दीवार है। युवाओं की स्वयं की जिम्मेदारी है कि अपने भीतर आत्मसम्मान और आत्मनियंत्रण विकसित करें। नशे को “ना” कहना सीखें और अपने लक्ष्य स्पष्ट रखें तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाएँ। उन्होंने संकल्प दिलाया कि स्वयं नशे से दूर रहेंगे। दूसरों को भी इससे बचाएँगे और एक स्वस्थ, सशक्त और नशा-मुक्त भारत का निर्माण करेंगे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से आदित्यनारायण गिरि, नितीश कुमार, शिवांगी गुप्ता, पूजा साहनी, अनीशा मिश्रा, महक मिश्रा, दिनेश मौर्य, स्वप्नल, राधा देवी, अनूप कुमार त्रिपाठी सहित विद्यालय के बच्चे सम्मिलित रहे।