लखनऊ उत्तर प्रदेश शासन ने मकर संक्रांति के पावन पर्व के अवसर पर पूर्व में घोषित अवकाश की तिथि में संशोधन करते हुए 15 जनवरी 2026 को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का निर्णय लिया है। शासन स्तर पर सम्यक विचारोपरान्त यह फैसला लिया गया है कि पहले 14 जनवरी को घोषित निर्बन्धित अवकाश के स्थान पर अब 15 जनवरी, गुरुवार को पूरे प्रदेश में सार्वजनिक छुट्टी रहेगी।शासन की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार मकर संक्रांति के अवसर पर 15 जनवरी 2026 को निगोशिएबुल इंस्ट्रुमेंट एक्ट, 1881 के अंतर्गत सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इससे पूर्व 17 नवम्बर 2025 को जारी विज्ञप्ति में 14 जनवरी को निर्बन्धित अवकाश निर्धारित किया गया था, जिसे अब संशोधित कर दिया गया है।इस निर्णय के संबंध में शासन द्वारा सभी अपर मुख्य सचिवों, प्रमुख सचिवों, विभागाध्यक्षों, मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के लिए सूचित कर दिया गया है, ताकि अवकाश संबंधी आदेशों का प्रभावी ढंग से अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके। इसके साथ ही भारतीय रिजर्व बैंक और राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति को भी इस सार्वजनिक अवकाश के पालन के लिए निर्देश प्रेषित किए गए हैं।शासन के इस निर्णय से प्रदेशभर के शासकीय कार्यालयों, बैंकों और संस्थानों में मकर संक्रांति के अवसर पर 15 जनवरी को अवकाश रहेगा, जिससे लोग पर्व को परंपरागत उल्लास और धार्मिक आस्था के साथ मना सकेंगे।
मकर संक्रांति पर अवकाश की तिथि बदली, 15 जनवरी 2026 को रहेगा प्रदेशभर में सार्वजनिक अवकाश
—————————— —–