प्रभारी मंत्री ने ग्रामीणों से संवाद कर समस्त पात्र लाभार्थियों को संबंधित योजनाओं से लाभान्वित करने के दिए निर्देश

प्रभारी मंत्री ने ग्रामीणों से संवाद कर समस्त पात्र लाभार्थियों को संबंधित योजनाओं से लाभान्वित करने के दिए निर्देश

 

अम्बेडकरनगर।राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), खेल एवं युवा कल्याण, उत्तर प्रदेश एवं जनपद अम्बेडकरनगर के प्रभारी मंत्री गिरीश चन्द्र यादव की अध्यक्षता में दिनांक 11 जनवरी 2026 को विकासखंड अकबरपुर की ग्राम पंचायत उम्मरपुर में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। ग्राम चौपाल के माध्यम से मंत्री द्वारा जनसामान्य की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति का प्रत्यक्ष अवलोकन किया गया।

ग्राम चौपाल में मंत्री ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर योजनाओं की पहुंच एवं क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी ली। उन्हें अवगत कराया गया कि ग्राम पंचायत उम्मरपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 21 लाभार्थियों के आवास पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 53 लाभार्थियों के नाम सर्वे सूची में सम्मिलित हैं, जिन्हें लाभान्वित किए जाने की प्रक्रिया प्रगति पर है। इसी प्रकार मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत कुल चार लाभार्थियों में से तीन के आवास पूर्ण हो चुके हैं। ग्राम पंचायत में कुल 175 लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। मंत्री द्वारा राशन कार्ड, निराश्रित पेंशन, वृद्धा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना सहित श्रम विभाग, मत्स्य विभाग एवं अन्य विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद किया गया। इस अवसर पर संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को बिना किसी बाधा के योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए तथा कोई भी पात्र लाभार्थी वंचित न रहने पाए।

*स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने पर विशेष बल, लखपति दीदी अभियान को गति देने के निर्देश*

ग्राम चौपाल के दौरान मंत्री ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों की दीदियों से संवाद कर समूह से जुड़ने के बाद उनके जीवन स्तर एवं आय में आए सकारात्मक बदलावों पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समूहों को निरंतर सहयोग प्रदान करते हुए अधिक से अधिक दीदियों को “लखपति दीदी” की श्रेणी में लाने हेतु प्रभावी प्रयास किए जाएं।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री द्वारा चौपाल में उपस्थित ग्रामीणों को वीबी–जी राम जी योजना के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्रीमती ज्योत्सना बंधु, परियोजना अधिकारी डीआरडीए अनिल कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी, डीसी एनआरएलएम, भाजपा जिला अध्यक्ष त्रयंबक तिवारी, खंड विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

ग्राम चौपाल के उपरांत मंत्री द्वारा ग्राम पंचायत उम्मरपुर की दलित बस्ती में पहुंचकर एक दलित परिवार के साथ भोजन किया गया। इस दौरान मंत्री ने परिवार के सदस्यों से बच्चों की शिक्षा, पारिवारिक स्थिति एवं भविष्य की आकांक्षाओं के संबंध में संवाद कर सामाजिक समरसता का संदेश दिया।