लखनऊ नगर निगम लखनऊ ने शहर को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में सख्ती दिखाते हुए मंगलवार को जोन-7 क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर संचालित इस अभियान का उद्देश्य प्रतिबंधित पॉलीथीन के उपयोग पर प्रभावी रोक लगाना और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करना रहा।नगर आयुक्त के निर्देशों के क्रम में जोनल सेनेटरी अधिकारी अजीत कुमार राय के नेतृत्व में पॉलीटेक्निक चौराहा, चिनहट तिराहा और अयोध्या मार्ग के आसपास विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान दुकानों में सिंगल यूज प्लास्टिक और प्रतिबंधित पॉलीथीन के उपयोग व भंडारण की गहन जांच की गई। अभियान में सफाई एवं खाद्य निरीक्षक रूपेन्द्र भास्कर, बृजेश प्रजापति, संचिता मिश्रा, लखनऊ स्वच्छता अभियान प्रा. लि. की टीम, प्रवर्तन दल (296) और एटीएफ टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।जांच के दौरान गुप्ता कचौड़ी भंडार, काफी अड्डा, शहीद कॉम्प्लेक्स, अल नवाज मुरादाबादी बिरयानी, रॉयल जनरल स्टोर और लखनऊ नवाबी सहित कई प्रतिष्ठानों में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग पाया गया। मौके पर ही दुकानों से लगभग 20 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथीन जब्त की गई। नियमों के उल्लंघन पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर 50 हजार रुपये तथा गंदगी फैलाने के मामलों में 1 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस प्रकार अभियान के दौरान कुल 51 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।नगर निगम अधिकारियों ने दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का किसी भी रूप में प्रयोग न करें और स्वच्छता से जुड़े सभी नियमों का पालन सुनिश्चित करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि दोबारा उल्लंघन पाया गया तो और अधिक कठोर कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे स्वच्छ लखनऊ के निर्माण में सहयोग करें और प्लास्टिक मुक्त शहर की दिशा में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।