लखनऊ में अवैध अतिक्रमण पर नगर निगम का बड़ा एक्शन, कई जोनों में चला सघन अभियान

लखनऊ। नगर निगम लखनऊ ने शहर में लगातार बढ़ते अवैध अतिक्रमण और उससे उत्पन्न हो रही यातायात बाधाओं को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार को व्यापक और बहुस्तरीय प्रवर्तन अभियान चलाया। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर संचालित इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य प्रमुख सड़कों, चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कर आम नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और निर्बाध यातायात सुविधा उपलब्ध कराना रहा। नगर निगम की विभिन्न जोनल टीमों ने पुलिस बल के सहयोग से शहर के कई क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई कर अवैध ठेलों, गुमटियों, काउंटरों और अन्य अस्थायी ढांचों को हटाया।जोन-03 क्षेत्र में जोनल अधिकारी आकाश कुमार के निर्देशन में प्रवर्तन दल (296) द्वारा सी-25 से पार्क महानगर तक अतिक्रमण के विरुद्ध सघन कार्रवाई की गई। इस दौरान सड़क किनारे लगाए गए दो फल एवं सब्जी के ठेले और चार चाय के ठेले हटाए गए। साथ ही चार लोहे के काउंटर और एक छोटा छतदान युक्त लोहे का ठेला जब्त किया गया। अभियान के दौरान अतिक्रमणकारियों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी भी दी गई।इसी क्रम में जोन-05 क्षेत्र के अंतर्गत एयरपोर्ट नादरगंज चौराहे से पटरी दरोगा खेड़ा तक और सरोजनी नगर औद्योगिक क्षेत्र में अस्थायी अवैध अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई में पांच ठेले, तीन गुमटी और दो काउंटर हटाए गए, जबकि दो काउंटर जब्त किए गए। नगर निगम द्वारा अतिक्रमण के मामलों में 500 रुपये शमन शुल्क वसूला गया। इसके अतिरिक्त गंदगी फैलाने और पॉलीथीन के उपयोग से संबंधित मामलों में 2000 रुपये का शमन शुल्क भी वसूला गया। यह अभियान जोनल अधिकारी विनीत कुमार सिंह के नेतृत्व में कर अधीक्षक सभाजीत सिंह, जोनल सेनेटरी अधिकारी सचिन सक्सेना, राजस्व निरीक्षक पियूष तिवारी, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक सुभाष चौधरी, प्रवर्तन दल और पुलिस बल की संयुक्त टीम द्वारा संचालित किया गया।वहीं जोन-08 क्षेत्र में भी अवैध अस्थायी अतिक्रमण, होल्डिंग, बैनर और पोस्टरों के विरुद्ध वृहद अभियान चलाया गया। जोनल अधिकारी विकास सिंह के निर्देशन में मेदांता हॉस्पिटल और जी-20 चौराहे के आसपास अवैध रूप से लगाए गए ठेले और खोमचे हटवाए गए। इस दौरान चार गैस सिलेंडर, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा, एक चूल्हा, दो बाल्टी, एक फूड वाहन सहित अन्य सामग्री जब्त की गई।नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त रखने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर अवैध अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।