दिसंबर में प्रदेश के राजस्व संग्रह में उल्लेखनीय बढ़ोतरी, बीते वर्ष से 1074 करोड़ अधिक प्राप्ति

लखनऊ उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने प्रदेश के राजस्व संग्रह को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दिसंबर माह में मुख्य कर एवं करेत्तर राजस्व मदों से कुल 18,679.38 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई है। इसके मुकाबले वित्तीय वर्ष 2024-25 के दिसंबर माह में 17,605.32 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था। इस प्रकार गत वर्ष की तुलना में चालू वित्तीय वर्ष के दिसंबर माह में 1,074.06 करोड़ रुपये अधिक राजस्व संग्रह दर्ज किया गया है, जो प्रदेश की आर्थिक प्रगति और कर संग्रह व्यवस्था की मजबूती को दर्शाता है।उन्होंने बताया कि कर राजस्व मदों के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में दिसंबर माह तक कुल 1,59,730.88 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई है, जो इस अवधि तक निर्धारित लक्ष्य का 74.2 प्रतिशत है। मंत्री ने कहा कि जीएसटी दरों में कमी के चलते बाजार में मांग बढ़ी है, जिसका सकारात्मक असर राजस्व प्राप्ति पर पड़ा है। आने वाले समय में कर संग्रह में और बेहतर परिणाम मिलने की उम्मीद है।वित्त मंत्री के अनुसार जीएसटी के अंतर्गत दिसंबर 2025 में 6,563.04 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जबकि दिसंबर 2024 में यह आंकड़ा 6,342.68 करोड़ रुपये था। वैट के अंतर्गत दिसंबर 2025 में 3,086.83 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई, जबकि पिछले वर्ष इसी माह में 3,105.91 करोड़ रुपये का राजस्व मिला था। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश में डीजल और पेट्रोल पर टैक्स अन्य राज्यों की तुलना में कम है। साथ ही इलेक्ट्रिक वाहनों और एथेनॉल के बढ़ते उपयोग से डीजल और पेट्रोल की खपत में कमी आई है, जिसका असर वैट संग्रह पर दिखाई दे रहा है।आबकारी मद में प्रदेश को दिसंबर 2025 में 4,682.84 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जबकि दिसंबर 2024 में यह आंकड़ा 4,141.75 करोड़ रुपये था। स्टाम्प एवं निबंधन के अंतर्गत दिसंबर 2025 में 2,995.59 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई, जो पिछले वर्ष दिसंबर 2024 में 2,784.96 करोड़ रुपये थी। परिवहन मद से दिसंबर 2025 में 909.57 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जबकि दिसंबर 2024 में यह 805.84 करोड़ रुपये रहा। वहीं करेत्तर राजस्व की प्रमुख मद भू-तत्व एवं खनिकर्म के अंतर्गत दिसंबर 2025 में 441.51 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई, जबकि पिछले वर्ष इसी माह में 424.18 करोड़ रुपये का राजस्व मिला था।सुरेश कुमार खन्ना ने आगे बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में दिसंबर माह तक मुख्य कर राजस्व के अंतर्गत कुल 1,59,730.88 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई है, जो दिसंबर 2025 तक निर्धारित 2,15,358.65 करोड़ रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष 74.2 प्रतिशत है। राज्यकर के अंतर्गत दिसंबर तक 1,30,053.55 करोड़ रुपये के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 84,060.96 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई है, जो लक्ष्य का 64.6 प्रतिशत है।आबकारी मद में दिसंबर तक 43,400 करोड़ रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष 39,826.98 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई है, जो लक्ष्य का 91.8 प्रतिशत है। स्टाम्प एवं निबंधन मद में 28,525 करोड़ रुपये के लक्ष्य के मुकाबले 24,389.06 करोड़ रुपये की प्राप्ति दर्ज की गई है, जो 85.5 प्रतिशत है। परिवहन मद में 10,092.60 करोड़ रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष 8,844.01 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई है, जो 87.6 प्रतिशत है। वहीं करेत्तर राजस्व की प्रमुख मद भू-तत्व एवं खनिकर्म में दिसंबर तक 4,200 करोड़ रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष 2,817.83 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई है, जो 67.1 प्रतिशत है।वित्त मंत्री ने कहा कि प्रदेश में कर संग्रह की स्थिति लगातार मजबूत हो रही है और राजस्व प्राप्ति के ये आंकड़े उत्तर प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों में आई तेजी और प्रभावी राजस्व प्रबंधन को दर्शाते हैं।