कोहरे से विजिबिलिटी 10 मीटर: तापमान 10 डिग्री, कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित, वाहनों की रफ्तार धीमी

कोहरे से विजिबिलिटी 10 मीटर: तापमान 10 डिग्री, कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित, वाहनों की रफ्तार धीमी

 

रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय

प्रतापगढ़ में सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता घटकर 10 मीटर रह गई। जिले में कड़ाके की ठंड महसूस की गई, जहां न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार रात पारा 8.2 डिग्री तक गिर गया था, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। घने कोहरे और ठिठुरन भरी सुबह के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। ठंड से बचाव के पर्याप्त इंतजाम न होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रमुख सड़कों पर वाहनों की आवाजाही धीमी रही, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। रविवार रात से ही मौसम में तेजी से बदलाव आया। बर्फीली हवाओं के कारण गलन बढ़ गई। सोमवार सुबह तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि रविवार रात यह 2.8 डिग्री गिरकर 8.2 डिग्री तक पहुंच गया था। शाम करीब छह बजे से शुरू हुआ कोहरा रात भर घना होता गया, जिससे दृश्यता घटकर महज 10 मीटर रह गई। हवा की गति लगभग आठ किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। रविवार को पूरे दिन सूर्य के दर्शन नहीं हुए, जिससे दिन में भी सर्दी का असर बना रहा। शहर की व्यस्त सड़कें भी शाम होते-होते सूनी नजर आईं। रात में मौसम कुछ साफ होने के बावजूद, सोमवार सुबह होते ही कोहरे ने फिर पूरे जिले को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे हाईवे सहित अन्य मार्गों पर वाहनों की रफ्तार थम गई। मौसम विशेषज्ञ डीआर मीना के अनुसार, पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से ठंड और बढ़ रही है। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानी क्षेत्रों तक पहुंच रहा है, जिससे आने वाले दिनों में गलन और तेज होने की संभावना है। प्रशासन की ओर से शहर और ग्रामीण इलाकों में अलाव की कोई ठोस व्यवस्था न होने से ठंड से राहत की उम्मीद कम दिख रही है।