महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या धाम। पावन कार्तिक पूर्णिमा एवं देव दीपावली के महापर्व पर धर्मनगरी अयोध्या भक्ति, आस्था और दीपों की दिव्य आभा से जगमगा उठी। इस पावन अवसर पर सरयू के ऐतिहासिक ऋणमोचन घाट पर देश के कोने-कोने से आए लाखों श्रद्धालुओं ने पुण्य की डुबकी लगाई और मां सरयू की महाआरती कर सुख-समृद्धि की कामना की। पर्व के उपलक्ष्य में कंचन भवन के पीठाधीश्वर महंत विजय दास जी महाराज के पावन सानिध्य में विशेष धार्मिक अनुष्ठान, पूजन-अर्चन और भव्य दीपदान का आयोजन किया गया। भोर की पहली किरण के साथ ही ऋणमोचन घाट पर स्नान, दान और भजन-कीर्तन का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर रात देव दीपावली के दीपोत्सव तक निरंतर चलता रहा। शाम ढलते ही घाट की सीढ़ियां असंख्य दीपों की रोशनी से नहा उठीं, जिससे संपूर्ण वातावरण अलौकिक और आध्यात्मिक हो गया।इस अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए महंत विजय दास महाराज ने कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कार्तिक मास भगवान श्रीहरि को अत्यंत प्रिय है और इस पूर्णिमा पर सरयू स्नान व दीपदान करने से समस्त पापों और ऋणों से मुक्ति मिलती है। देव दीपावली अंधकार पर प्रकाश और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है, जो समाज को सद्भाव और संस्कृति से जुड़े रहने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में साधु-संत, बटुक ब्राह्मण और स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। भक्तों के बीच प्रसाद वितरण के साथ इस भव्य आध्यात्मिक आयोजन का समापन हुआ।







Views Today : 11268
Who's Online : 21