यातायात नियमों के साथ साइबर सुरक्षा का भी पाठ पढ़ाया, एसपी ओमवीर सिंह ने छात्रों को किया जागरूक
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। यातायात माह नवंबर-2026 के तहत सोमवार को पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने सरस्वती विद्या मंदिर, रामबाग (गांधीनगर), बस्ती में विशेष यातायात जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों से संवाद कर उन्हें यातायात नियमों के पालन और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी यातायात कुलदीप सिंह यादव एवं यातायात पुलिस टीम भी मौजूद रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया। विद्यालय परिवार की ओर से पुलिस अधीक्षक को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए एसपी ओमवीर सिंह ने कहा कि जीवन अमूल्य है, इसे लापरवाही में व्यर्थ न गंवाएं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें तथा ट्रिपल राइडिंग से बचें। चारपहिया वाहन में चालक और सहयात्री सीट बेल्ट अवश्य लगाएं। नाबालिगों को बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन नहीं चलाना चाहिए। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल, तेज रफ्तार और नशे की हालत में ड्राइविंग से पूरी तरह बचना चाहिए। उन्होंने वाहनों पर मानक के अनुरूप हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) लगवाने की भी अपील की।
एसपी ने विद्यार्थियों से कहा कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने माता-पिता, परिजनों तथा आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
इसके साथ ही साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति भी सचेत किया गया। उन्हें ओटीपी साझा करने, फर्जी कॉल, अनजान लिंक, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड जैसी धोखाधड़ी के तरीकों की जानकारी दी गई। पुलिस अधीक्षक ने किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक विवरण, पासवर्ड अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने तथा सोशल मीडिया अकाउंट की प्राइवेसी सेटिंग मजबूत रखने की सलाह दी।
उन्होंने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा नजदीकी थाने की साइबर हेल्प डेस्क पर भी शिकायत की जा सकती है
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।






Views Today : 16066
Who's Online : 20