खेत में सो रहे व्यक्ति की सहम जाने से मृत्यु
रिपोर्टर शक्ति शरण उपाध्याय
बस्ती :कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कर चोलिया गांव के उत्तरी सिवान में रविवार की रात खेत मे सो रहे 63 वर्षीय सुखराम पुत्र पथरी की सहम जाने से मृत्यु हो गई ।
उनके साथ खेत में सो रही पत्नी कौशल्या देवी ने बताया कि रात में एकाएक नीलगाय जैसा जानवर हम लोगों के ऊपर से गुजर गया । जिससे उसके पैर से मेरे हाथ में चोट लगी । लेकिन उनके पति उससे बहुत ज्यादा भयभीत हो गए । एक बार अरे राम की आवाज बड़ी तेज से लगाए । इसके बाद उनके हाथ पैर ठंडे हो गए । उन्होंने दौड़ कर बगल के गांव भोपाल पुर के राजू चौधरी तथा कुछ अन्य लोगों को बुलाया लेकिन तब तक उनके प्राण पखेरू उड़ चुके थे । गांव के लोग भी सूचना मिलते ही खेत में पहुंच गए लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी । ग्राम प्रधान प्रतिनिधि पिंटू सोनकर की सूचना पर मौके पर कप्तानगंज पुलिस भी पहुंच गई थी । थाना अध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि परिवार वालों ने किसी कानूनी कार्यवाही से इनकार किया ।लोग उन्हें लेकर कप्तानगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया । दुखद स्थिति यह रही कि उनके दोनों बेटे घर पर नहीं थे । बड़ा बेटा सूरज विदेश में नौकरी करता है । छोटा बेटा मनीष मुंबई में रहकर अपनी जीविका कमाता है । सोमवार को गांव वालों के सहयोग से उनका अंतिम संस्कार किया गया । मनीष सीधे स्मशान घाट पर पहुंचकर अपने पिता को मुखाग्नि दी ।पत्नी व बेटी निशा का रो रो कर बुरा हाल है ।