लखनऊ उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं का निरीक्षण किया। उन्होंने मेडिकल कॉलेज और संबद्ध चिकित्सालय में चिकित्सा शिक्षकों की उपलब्धता, स्टाफ की स्थिति, शिक्षण व्यवस्था तथा निर्माण कार्यों की प्रगति की बारीकी से समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने कार्यदायी संस्थाओं यूपीआरएनएन, यूपी सिडको और सी एंड डी एस के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लंबित निर्माण कार्य तय समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएँ। उन्होंने कहा कि निर्माण से जुड़ी सभी समस्याओं का विवरण कॉलेज प्रशासन लिखित रूप में दे, ताकि उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही उन्होंने अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू रूप से संचालित रखने पर भी विशेष बल दिया।यूपी सिडको के अधिकारियों ने बताया कि नर्सिंग कॉलेज का निर्माण कार्य जनवरी 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा और फरवरी 2026 में उसे मेडिकल कॉलेज प्रशासन को हस्तांतरित कर दिया जाएगा।प्रधानाचार्य अरुण कुमार ने उप मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि एनएमसी के मानकों के अनुरूप कॉलेज में चिकित्सा शिक्षकों और स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर कार्य हो रहा है। उन्होंने बताया कि शिक्षक एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ कर रहे हैं और सभी कार्य समय पर पूरे किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्य जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहे।