लखनऊ प्रधानमंत्री इंटर्नशिप स्कीम के अंतर्गत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, अलीगंज, लखनऊ में ग्रे-सिम लर्निंग्स फाउंडेशन और क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के सहयोग से बृहद रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया। इस रोजगार मेले में कुल 33 प्रतिष्ठित कंपनियों को प्रतिभाग के लिए आमंत्रित किया गया।राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य राज कुमार यादव ने बताया कि मेले का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अधिकतम रोजगार अवसर प्रदान करना था। इस दिशा में विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख कंपनियों को शामिल किया गया, ताकि प्रशिक्षित युवा उद्योगों से सीधे जुड़ सकें। उन्होंने यह भी बताया कि यह मेला प्रधानमंत्री इंटर्नशिप स्कीम के क्रियान्वयन को गति देने और प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।ट्रेनिंग, काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट अधिकारी एम. ए. खाँ ने जानकारी दी कि इस रोजगार मेले में कुल 605 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 476 अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों द्वारा चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को 10,000 रुपये से 27,000 रुपये प्रतिमाह वेतन के साथ अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। उन्होंने बताया कि उच्च संख्या में चयन इस मेले की सफलता को दर्शाता है।रोजगार मेले को सफल बनाने में ग्रे-सिम लर्निंग्स फाउंडेशन और क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय का विशेष योगदान रहा। इनके सहयोग से अभ्यर्थियों को रोजगार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया सहज और प्रभावी बनी। इस पहल से युवाओं को न केवल आर्थिक अवसर प्राप्त हुए, बल्कि उन्हें अपने करियर की दिशा तय करने का भी अवसर मिला।यह रोजगार मेला प्रधानमंत्री इंटर्नशिप स्कीम के अंतर्गत युवा सशक्तिकरण और कौशल विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में सामने आया है।