लखनऊ उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने महान विधि वेत्ता और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ अभियान चलाने वाले, संविधान शिल्पी और भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस के अवसर पर उन्हें विनम्र और आत्मिक श्रद्धांजलि अर्पित की। शनिवार को अपने कैम्प कार्यालय, 7-कालिदास मार्ग पर डॉ. अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर केशव प्रसाद मौर्य ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सपनों को भारत सरकार और प्रदेश सरकार मिलकर ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मूल मंत्र के साथ साकार कर रही हैं। उन्होंने बताया कि डबल इंजन सरकार समाज के सभी वर्गों के लिए विभिन्न योजनाओं को संचालित कर रही है, जिसके माध्यम से गरीबों के हित में कार्य हो रहे हैं और चतुर्भुज विकास सुनिश्चित किया जा रहा है।श्री मौर्य ने कहा कि हम सभी को बाबा साहब के विचारों और आदर्शों का न केवल अनुकरण करना चाहिए, बल्कि उन्हें आत्मसात भी करना चाहिए। डॉ. अंबेडकर के जीवन और उनके संघर्षों की याद करते हुए उन्होंने उनके योगदान की सराहना की। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहब के विचार हमें समानता, न्याय और सामाजिक समरसता की दिशा में दृढ़तापूर्वक आगे बढ़ने की प्रेरणा देते रहेंगे।उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे डॉ. अंबेडकर के आदर्शों को अपनाएं और समाज में समानता और न्याय को बढ़ावा दें। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहब का पूरा जीवन ही समाज के लिए एक संदेश है, जो हमें शिक्षा, न्याय और समान अवसर सुनिश्चित करने की प्रेरणा देता है।