प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 21वीं किस्त जारी, मत्स्य विभाग ने पूरे प्रदेश में किया लाइव प्रसारण

लखनऊ प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत आज 19 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लगभग 18,000 करोड़ रुपये की 21वीं किस्त डीबीटी के माध्यम से देशभर के लगभग 9 करोड़ किसानों के बैंक खातों में हस्तांतरित की गई। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण उत्तर प्रदेश मत्स्य विभाग द्वारा मत्स्य चेतना केंद्र, मत्स्य निदेशालय लखनऊ सहित सभी मंडलीय और जनपदीय कार्यालयों में प्रोजेक्टर और स्क्रीन के माध्यम से कराया गया।
प्रदेश स्तर पर महानिदेशक मत्स्य धनलक्ष्मी के. की अध्यक्षता में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में लगभग 150 किसानों और मत्स्य पालकों ने प्रतिभाग किया। वहीं मंडलों और जनपदों में आयोजित कार्यक्रमों में 5,000 से अधिक मत्स्य पालकों और किसानों की उपस्थिति रही। इस दौरान विभागीय योजनाओं से संबंधित प्रचार-प्रसार सामग्री वितरित की गई और उपस्थित किसानों को विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महानिदेशक धनलक्ष्मी के. ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मत्स्य विकास की अपार संभावनाएं हैं। पिछले सात वर्षों में मत्स्य उत्पादन में दोगुने से अधिक की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि उपलब्ध जल संसाधनों का वैज्ञानिक और तकनीकी रूप से समुचित उपयोग करते हुए प्रदेश को मत्स्य उत्पादन में अग्रणी बनाया जा सकता है। उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने में मत्स्य विभाग अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।कार्यक्रम में निदेशक मत्स्य एन.एस. रहमानी, संयुक्त निदेशक अनिल कुमार, उप निदेशक पुनीत कुमार, सृष्टि यादव, एजाज अहमद नकवी और उग्रसेन सिंह सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।