रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
प्रतापगढ़ के देल्हूपुर थाना क्षेत्र में विश्वनाथगंज रेलवे स्टेशन के पास भावलपुर गांव में रविवार सुबह रेलवे ट्रैक किनारे झाड़ियों में एक युवक का शव मिला। राहगीरों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, मृतक के सिर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे मौत संदिग्ध परिस्थितियों में होने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों ने हत्या कर शव रेलवे ट्रैक के पास फेंकने की आशंका व्यक्त की है।
मृतक की पहचान चंद्रप्रकाश मिश्रा उर्फ गोलू (उम्र लगभग 20 वर्ष), पुत्र अशोक कुमार मिश्रा, निवासी रघवापुर, राजापुर ग्रामसभा, थाना रानीगंज के रूप में हुई है। चंद्रप्रकाश शनिवार रात अपने गांव से एक बारात में शामिल होने गए थे। देर रात के बाद से उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया था। सुबह शव मिलने की सूचना पर परिजनों को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही देल्हूपुर थाने से उपनिरीक्षक (SI) ध्रुव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है और युवक के मोबाइल व अंतिम लोकेशन की भी जांच की जा रही है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि चंद्रप्रकाश की मौत रेल हादसे से नहीं हुई है, बल्कि यह एक सोची-समझी हत्या है। उनका कहना है कि चंद्रप्रकाश का किसी से कोई विवाद नहीं था और बारात से लौटने के बाद उनका मोबाइल बंद था। परिजनों का मानना है कि किसी संदिग्ध व्यक्ति ने इस घटना को अंजाम दिया है। स्थानीय ग्रामीणों ने भी पुलिस से जल्द से जल्द दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की है, उनका कहना है कि यह कोई सामान्य मौत नहीं है। मृतक चंद्रप्रकाश अपने पांच भाइयों में चौथे नंबर पर थे।