बाबागंज विधायक को सड़क निर्माण में मिली खामियां: गुणवत्ता खराब मिलने पर ठेकेदार को फटकार, काम रोका गया

रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय

बाबागंज विधायक विनोद सरोज ने शनिवार को बिहार-बाबागंज मार्ग से झींगुर-लालगंज को जोड़ने वाली सड़क के चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें निर्माण कार्य की गुणवत्ता में गंभीर खामियां मिलीं। निरीक्षण के दौरान विधायक सरोज ने सड़क निर्माण में स्पष्ट कमियां और मानकों का उल्लंघन पाया। गुणवत्ता कमजोर मिलने पर उन्होंने मौके पर ही ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई। विधायक ने चेतावनी दी कि सरकारी धन और जनता की सुविधा से जुड़ी परियोजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विधायक ने तत्काल विभागीय अधिकारियों से संपर्क किया और इंजीनियरों की टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने सड़क की तकनीकी गुणवत्ता, मोटाई और निर्माण सामग्री की जांच की। प्राथमिक जांच में कई कमियां सामने आने के बाद निर्माण कार्य को तुरंत रोकने और आवश्यक सुधार कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए। यह भी आदेश दिया गया कि सुधार पूरा होने के बाद ही कार्य दोबारा शुरू किया जाए। इस निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि कुलदीप पटेल, पूर्व प्रमुख पंकज सिंह सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। स्थानीय ग्रामीणों ने विधायक द्वारा समय पर कार्रवाई कर सड़क निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की सराहना की।