रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो’ के संकल्प संग अयोध्या से AAP की पदयात्रा का आगाज़!

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या, 12 नवम्बर 2025
आम आदमी पार्टी (आप) के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बुधवार को ‘रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो’ के आह्वान के साथ सरयू से संगम तक की पदयात्रा का अयोध्या में भव्य शुभारंभ किया। यह 13 दिवसीय, लगभग 200 किलोमीटर की पदयात्रा अयोध्या, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, अमेठी होते हुए प्रयागराज तक जाएगी। सरयू तट से लिया संकल्प पदयात्रा की शुरुआत प्रभु श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या के नया घाट स्थित सरयू तट पर माता सरयू की आरती के साथ हुई। संजय सिंह ने मां सरयू का आशीर्वाद लिया और प्रख्यात समाजवादी चिंतक एवं अपने राजनीतिक गुरु रघु ठाकुर का आशीर्वाद लेते हुए, प्रभु श्री राम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर, रोजगार और सामाजिक न्याय की इस लड़ाई को लड़ने का संकल्प लिया। बेरोजगारी और अन्याय पर तीखा प्रहार आरती के बाद, आप सांसद संजय सिंह ने पैदल चलकर केसरवानी लॉन के सामने स्थित पुराना शीशमन गार्डन, बड़ी देवकाली तिराहा पहुंचकर विशाल जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश में चरम पर पहुंची बेरोजगारी और सामाजिक अन्याय पर तीखा प्रहार किया युवाओं का शोषण: उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश “पेपर लीक और युवाओं के शोषण का केंद्र” बन गया है। सरकार भर्तियां नहीं निकाल रही, और जब नौजवान रोजगार मांगते हैं तो उन्हें पुलिस की लाठियां और जेल की सलाखें मिलती हैं।
बढ़ते अत्याचार: संजय सिंह ने आरोप लगाया कि दलितों, पिछड़ों, शोषितों और वंचितों पर अन्याय-अत्याचार बेतहाशा बढ़ा है। उन्होंने लखनऊ में पासी समाज के बुजुर्ग को पेशाब चटवाने, रायबरेली में दलित युवक की हत्या और इटावा में पिछड़ा समाज के कथावाचक का सर मुड़वाने जैसी घटनाओं का उल्लेख किया। राष्ट्र विरोधी नीतियां: उन्होंने अग्निवीर योजना और सरकारी संपत्तियों की बिक्री जैसी नीतियों को युवाओं और देश का नुकसान” करने वाला बताया। रामराज्य का मतलब ‘समान न्याय’ संजय सिंह ने कहा कि उनके राजनीतिक गुरु रघु ठाकुर जैसे समाजवादी चिंतकों से मिली प्रेरणा उन्हें जनसेवा की राह पर आगे बढ़ाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ‘रामराज्य’ का अर्थ सबके साथ समान न्याय है, जबकि आज मोदी-योगी की सरकार में दलितों और पिछड़ों पर अत्याचार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सच्चा हिंदू धर्म विश्व कल्याण और सद्भावना सिखाता है, न कि द्वेष और भेदभाव।
यह देश बाबा के नारे से नहीं, बाबा साहब के संविधान से चलेगा।” – संजय सिंह उन्होंने घोषणा की कि धर्मनिरपेक्ष भारत की रक्षा के लिए आम आदमी पार्टी हर स्तर पर संघर्ष करेगी। रघु ठाकुर किया संबोधित इस मौके पर संजय सिंह के राजनीतिक गुरु रघु ठाकुर ने भी सभा को संबोधित किया और श्री राम के आदर्शों पर चलने की प्रेरणा दी। पदयात्रा को मिला व्यापक समर्थन पदयात्रा के दौरान नाका फ्लाईओवर, ब्रह्म बाबा और नहरिया के पास सैकड़ों कार्यकर्ताओं व स्थानीय जनता ने संजय सिंह का जोरदार स्वागत किया और पदयात्रा में शामिल हुए। उन्होंने यह भी घोषणा की कि यह पदयात्रा शुरुआत भर है, प्रदेश के अलग-अलग जोनों में जनता की आवाज को बुलंद करने के लिए आठ और पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी।इस मौके पर प्रदेश सह प्रभारी अनिल झा, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह, दिनेश पटेल समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।