रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
प्रतापगढ़ पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। कोहड़ौर थाना क्षेत्र के धरौली मधुपुर गांव के पास अर्धनिर्मित टोल प्लाजा से रविंद्र कुमार मिश्रा उर्फ हैप्पी मिश्रा नामक आरोपी को पकड़ा गया। उसके पास से एक पिस्टल, दो देसी तमंचे, एक रिवॉल्वर और कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी शैलेंद्र लाल और सहायक पुलिस अधीक्षक नगर प्रशांत राज के पर्यवेक्षण में कोहड़ौर थाना प्रभारी विवेक कुमार यादव के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई थी। टीम में उपनिरीक्षक विजय कुमार त्रिवेदी, राजकुमार मिश्रा, हेड कांस्टेबल राजीव कुमार, कांस्टेबल मनीष कुमार यादव और अजय गौड़ शामिल थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रविंद्र कुमार मिश्रा (उम्र करीब 25 वर्ष, निवासी गाना मिसिर का पुरवा, सुल्तानपुर) को धर दबोचा। उसके कब्जे से एक 7.65 एमएम की पिस्टल मय मैगजीन, दो 315 बोर के देसी तमंचे, एक 32 बोर की रिवॉल्वर, दो 7.65 एमएम के कारतूस और एक .32 बोर का कारतूस बरामद किया गया। इस संबंध में थाना कोहड़ौर में मु0अ0सं0 162/2025 धारा 3/5/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में रविंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि वह अवैध असलहों को बेचने के लिए यहां लाता है। उसने यह भी बताया कि वह प्रतापगढ़ में खराब हुए तमंचे और रिवॉल्वर ठीक कराकर बेचने जा रहा था। पैदल चलने का कारण उसने बताया कि इससे लोग उसे राहगीर समझते हैं और उस पर शक नहीं करते।