मिशन शक्ति के तहत छात्राओं व महिलाओं को जागरूक कर थानाध्यक्ष संजय कुमार ने किया सम्मानित

कुदरहा, बस्ती। उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान “मिशन शक्ति फेज 5.0” के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वालंबन के लिए थाना लालगंज पुलिस द्वारा शनिवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन ध्रुवचंद्र प्रहलाद कुमार इंटर कालेज तथा प्रहलाद कुमार सुशीला देवी शिवाजी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय के परिसर में किया गया। इस दौरान एंटी रोमियो टीम ने छात्राओं व महिलाओं को मिशन शक्ति और साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी रूधौली सुश्री स्वर्णिमा सिंह के कुशल निर्देशन में थानाध्यक्ष लालगंज संजय कुमार ने किया। पुलिस टीम ने छात्राओं से सीधा संवाद स्थापित करते हुए उन्हें उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई ।
पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित महिलाओं और छात्राओं को घरेलू हिंसा, छेड़खानी, साइबर बुलिंग जैसे अपराधों के प्रति सतर्क रहने व किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में व0उ0नि0 राधेश्याम प्रसाद, म0का0 सुलेखा व पुलिस टीम के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
‘शक्ति दीदी’ (महिला बीट अधिकारी) ने बताया कि किसी भी समस्या की स्थिति में महिलाएं सीधे उनसे संपर्क कर सकती हैं।
इस अवसर पर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें गुड़िया ने प्रथम, अनुष्का, प्रियंका व वीना रावत ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को थानाध्यक्ष लालगंज संजय कुमार द्वारा सम्मानित किया गया।