सड़क दुर्घटना में अंडा विक्रेता की मौत

मिल्कीपुर-अयोध्या। कुमारगंज थानाक्षेत्र के देवगांव चौकी अंतर्गत खेमापुर गांव के 30 वर्षीय निवासी कृष्ण कुमार की शुक्रवार रात एक सड़क दुर्घटना में दुखद मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कृष्ण कुमार कुमारगंज कस्बे में अंडे की दुकान चलाते थे। रोज की तरह शुक्रवार को भी वह अपनी दुकान बंद करने के बाद अपनी स्प्लेंडर बाइक से घर के लिए रवाना हुए। रात करीब नौ बजे अकमा गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।  स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल कृष्ण कुमार को तत्काल एंबुलेंस के जरिए सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय, कुमारगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।कृष्ण कुमार अपने परिवार में पांच भाइयों में सबसे छोटे थे। उनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी, और वह अपनी पत्नी तथा डेढ़ साल की मासूम बेटी और परिवार का भरण-पोषण अपनी छोटी-सी दुकान से करते थे। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कृष्ण कुमार मेहनती और मिलनसार व्यक्ति थे, जिनकी इस तरह अचानक मृत्यु से पूरे गांव में शोक की लहर है।कुमारगंज थाना अध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव का पंचायतनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही, अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश के लिए जांच शुरू कर दी गई है।