डीजे वाहन की टक्कर से खिलौना व्यवसायी की मौत: साथी घायल, आसपास के इलाकों में खिलौने बेचकर लौट रहे थे

रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय

प्रतापगढ के रानीगंज थाना क्षेत्र के लीला के समीप आज बुधवार को करीब दो बजे डीजे वाहन की टक्कर से एक खिलौना व्यवसायी अनुज जैन (26) की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में उनके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति छोटे सोनी (32) घायल हो गए, जिन्हें ट्रामा सेंटर रानीगंज में भर्ती कराया गया है। कोतवाली देहात के कटरा मंदिर निवासी बबलू जैन के बेटे अनुज जैन और उनके पड़ोसी मोहनलाल के बेटे छोटे सोनी खिलौने बेचने का व्यवसाय करते थे। बुधवार को ये दोनों रानीगंज और आसपास के इलाकों में खिलौने बेचकर घर वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे रानीगंज थाना क्षेत्र के लीला के समीप पहुंचे, सामने से आ रहे एक डीजे वाहन के चालक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार वहीं गिर गए।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और अनुज जैन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल छोटे सोनी का इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे।