कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर डीएम ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। कार्तिक पूर्णिमा पर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं को लेकर जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने सोमवार को माझा खुर्द स्थित टाण्डा पुल के दोनों तरफ तथा ग्राम सभा वैष्णोपुर में आयोजित होने वाले मेले के स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
23 नवंबर की मध्य रात्रि से 24 नवंबर तक टाण्डा पुल के समीप बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के स्नान एवं पूजा-पाठ करने की संभावना है। वहीं, वैष्णोपुर में स्थानीय मेले और रावण दहन कार्यक्रम में भी बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की उम्मीद है। इसे देखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने टाण्डा पुल के दोनों तरफ गोताखोर, स्टीमर एवं नाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ खोया-पाया कैंप और मेडिकल कैंप स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने घाट एवं मेला स्थल पर साफ-सफाई, समुचित पार्किंग, भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि टाण्डा पुल एवं कार्यक्रम स्थल पर चिकित्सकों की टीम तैनात रहे, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। इसके अलावा मेला स्थल पर फायर ब्रिगेड, अग्निशमन यंत्र तथा अन्य अग्नि सुरक्षा संबंधी इंतजाम भी पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा पर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाएं, जिससे पर्व एवं मेला शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी सुनंदु सुधाकरन, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार, खंड विकास अधिकारी बहादुरपुर राम विशाल, मेला अध्यक्ष सुभाष चंद्र यादव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।






Views Today : 15977
Who's Online : 5