बस्ती। मुंडेरवा थाना क्षेत्र के ओड़वारा बाजार में शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने दो मोटरसाइकिलों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की यह वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित सौरभ और कासिम अली की मोटरसाइकिलें उनके घर के सामने खड़ी थीं, जिन्हें चोर रात में बिना किसी डर-खौफ के चोरी कर ले गए। घटना की सूचना मिलते ही पीड़ितों ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को अवगत कराया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है, लोग अपने वाहनों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। मुंडेरवा थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर चोरी गई बाइकों की बरामदगी की जाएगी।