नवीन पुलिस लाइन के लिए 40 एकड़ भूमि की तलाश शुरू

बस्ती: जनपद में पुलिस प्रशासन के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नवीन पुलिस लाइन की स्थापना के लिए 40 एकड़ भूमि की तलाश शुरू कर दी गई है। यह प्रस्ताव भविष्य में पुलिस बल की बढ़ती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के संयुक्त निर्देशन में भूमि की पहचान की प्रक्रिया शुरू की गई है। अधिकारियों ने संबंधित राजस्व विभाग को संभावित स्थलों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया है नवीन पुलिस लाइन का निर्माण जनपद स्तर पर पुलिस की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करने के उद्देश्य से किया जाएगा। इसमें प्रशिक्षण केंद्र, वाहनों के लिए गैरेज, पुलिसकर्मियों के लिए आवास, शस्त्रागार, कंट्रोल रूम, बैरक, परेड ग्राउंड एवं एक आधुनिक संचार कक्ष भी शामिल होगा। इसके अलावा महिला पुलिसकर्मियों के लिए पृथक सुविधाएं भी प्रस्तावित हैं। भूमि चयन के लिए जनपद के लालगंज क्षेत्र में किन्हीं चार से पांच संभावित स्थानों को चिन्हित किया गया है, जहां शहरी विकास, यातायात, और सुरक्षा व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए निर्णय लिया जाएगा। यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि भूमि पर किसी प्रकार का कानूनी विवाद न हो और वह शासकीय उपयोग के लिए उपयुक्त हो। पुलिस विभाग ने इस संबंध में विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर के शासन को भेज दी है। भूमि स्वीकृति के पश्चात बजट आवंटन की प्रक्रिया शुरू होगी। अधिकारियों का कहना है कि इस परियोजना को प्राथमिकता सूची में रखा गया है और आगामी वित्तीय वर्ष में निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।