अयोध्या में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन, बूंदी राजस्थान से पहुंचे 200 श्रद्धालु परिवार

 

अयोध्या। राजस्थान के बूंदी से करीब 200 श्रद्धालु परिवार अयोध्या पहुंचे हैं। श्रद्धालुओं की ओर से श्राद्ध पक्ष में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत एवं श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है। धार्मिक आयोजन में बूंदी सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं।

आयोजन में शामिल श्रद्धालुओं ने बताया कि वे बूंदी-कोटा, राजस्थान से अयोध्या आए हैं। सात दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक कार्यक्रम में करीब 200 यात्री और उनके परिवारजन भाग ले रहे हैं। कथा के साथ श्रद्धालु अयोध्या के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन और पूजा-अर्चना भी कर रहे हैं।

श्रद्धालुओं ने अयोध्या में हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि राम मंदिर के निर्माण के बाद रामनगरी में श्रद्धालुओं का आवागमन काफी बढ़ा है। देश के विभिन्न हिस्सों से लोग अयोध्या पहुंचकर प्रभु श्रीराम के दर्शन का लाभ ले रहे हैं।

उन्होंने बताया कि आयोजन में बूंदी के विभिन्न परिवारों और समाज के लोगों की सहभागिता है। सभी श्रद्धालु धार्मिक वातावरण में कथा श्रवण और अयोध्या धाम के दर्शन को लेकर उत्साहित हैं।