खाद संकट पर आप का प्रदर्शन, योगी सरकार पर साधा निशाना-अनिल प्रजापति

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। प्रदेश में खाद की भारी किल्लत से परेशान किसानों के समर्थन में आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार को अयोध्या सदर तहसील पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने नायब तहसीलदार गौरी शंकर वर्मा के माध्यम से राज्यपाल को एक ज्ञापन सौंपकर इस गंभीर मुद्दे पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे आप के जिलाध्यक्ष अनिल प्रजापति ने कहा कि योगी सरकार की लापरवाही ने किसानों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि खेती का मौसम होने के बावजूद किसानों को खाद उपलब्ध नहीं कराई जा रही है, जो सीधे-सीधे उनकी आजीविका पर हमला है। प्रजापति ने इस स्थिति को शर्मनाक बताते हुए कहा कि किसान अपनी ही धरती पर अन्न उपजाने के लिए बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं, जबकि सरकार केवल बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने में लगी है। यह प्रदेशव्यापी आंदोलन आप के सांसद और यूपी प्रभारी संजय सिंह के निर्देश पर सभी तहसील मुख्यालयों पर किया गया था। पार्टी ने अपनी मांगों में दोषियों पर सख्त कार्रवाई, खाद की कमी से प्रभावित किसानों के लिए विशेष सहायता पैकेज की घोषणा, और अन्नदाताओं के हितों की रक्षा को प्राथमिकता देने की मांग की है।
प्रदर्शन में मोहम्मद इसराइल, यूके द्विवेदी, सुनील मौर्य, गायत्री मिश्रा, विद्या वर्मा, संदीप पटेल, गुड़िया राईन, स्वर्णिम वर्मा, अखिलेश सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।