महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या, 16 जुलाई। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चम्पतराय ने मंगलवार देर शाम कारसेवकपुरम स्थित भरतकुटी में आचार्य भानुदत्त त्रिपाठी “मधुरेश” द्वारा रचित “महामृत्युंजयस्तोत्र” पुस्तक का अनावरण एवं लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने पुस्तक में हिंदी में रचित महामृत्युंजयस्तोत्र, महामृत्युंजयाष्टकम्, श्री आशुतोष चालीसा और श्रीरामचरितमानस की आरती के समावेश पर प्रसन्नता व्यक्त की। साहित्यिक जनपद उन्नाव के गुलरिहा ग्राम में जन्मे रचनाकार आचार्य भानुदत्त त्रिपाठी “मधुरेश” की यह 67वीं प्रकाशित पुस्तक है। उनकी कई रचनाएं पूर्व में पुरस्कृत भी हो चुकी हैं और उन्हें विभिन्न संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया गया है। चम्पतराय ने आशा व्यक्त की कि यह रचना उन श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूप से सहायक होगी जो संस्कृत पाठ में असहज महसूस करते हैं, जिससे वे सुगमता से इन पावन स्तोत्रों का पाठ कर सकेंगे।
इस अवसर पर शरद शर्मा, भाजपा नेता अभय सिंह, पूर्व प्रांत संगठन मंत्री भोलेंद्र, प्रदीप कुमार “गुलशन”, रजनीश शर्मा, अभिषेक चौबे और सुबोध मिश्र सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।