महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या, 1 जुलाई: रामनगरी अयोध्या में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए बालाजी इंफ्रा कंपनी ने मंगलवार को फटिक शिला आश्रम परिसर में पार्किंग, टेंट सिटी और गोल्फ कार्ट सेवा के लिए भूमि पूजन किया। यह पहल श्रद्धालुओं को आधुनिक और सुविधाजनक सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से की गई है। भूमि पूजन समारोह में कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह, संकट मोचन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं हनुमानगढ़ी के महंत संजय दास महाराज, और अयोध्या के महापौर गिरीशपति त्रिपाठी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, अयोध्या में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस प्रकार की आधुनिक सुविधाएं नितांत आवश्यक हैं। यह पहल भविष्य में एक मील का पत्थर साबित होगी।महंत संजय दास महाराज ने बालाजी इंफ्रा के इस प्रयास को श्रद्धालुओं की सेवा में एक उत्कृष्ट योगदान बताया। बालाजी इंफ्रा कंपनी की निदेशक आरती सिंह जादौन ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब उनकी कंपनी ने अयोध्या को ऐसी सुविधाएं दी हों; इससे पहले भी गोल्फ कार्ट सेवा और मल्टीलेवल पार्किंग जैसी सुविधाएं कंपनी द्वारा शुरू की गई हैं। समारोह में स्फटिक शिला आश्रम के महंत शुकदेव दास जी महाराज, उनके शिष्य विद्यानंद दास जी महाराज, पुजारी हेमंत दास जी महाराज, राजेश दास पहलवान, प्रोजेक्ट मैनेजर विनोद कुमार सिंह, भाजपा मीडिया प्रभारी अंशुमन मित्र सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। ज्योतिषाचार्य पं. करुणा निधान गर्ग के वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-पाठ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण और रामनामी भेंट के साथ हुआ।