अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर अयोध्या में विशेष योग चिंतन सत्र, ‘चैतन्य फाउंडेशन’ का गठन

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या । अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर विवेक सृष्टि एवं श्यामसाधनालय के अध्यक्ष/निदेशक, प्रतिष्ठित योगाचार्य डॉ. चैतन्य जी के सानिध्य में एक विशिष्ट ध्यान एवं योग चिंतन सत्र का आयोजन विवेक सृष्टि परिसर, रामघाट, अयोध्या में किया गया। इस सत्र में अयोध्या के महापौर गिरीश पति त्रिपाठी और प्रो. लक्ष्मीकांत सिंह की विशिष्ट उपस्थिति रही। उपस्थित योगाचार्यों और योग साधकों ने विश्व भर में योग दिवस की बढ़ती स्वीकार्यता और योग साधना के प्रति अनुराग पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने योग साधना के क्षेत्र में और अधिक परिष्कृत एवं व्यापक अभियान चलाने की आवश्यकता पर बल दिया।
प्रो. लक्ष्मीकांत सिंह ने डॉ. चैतन्य जी को अयोध्या परिक्षेत्र में योग का पर्याय बताते हुए उनके योगदान की सराहना की। महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने साधकों को ध्यान सत्र का अभ्यास कराया और डॉ. चैतन्य जी द्वारा संकल्पित अभियान को सामूहिक प्रयासों से विस्तार देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर ‘चैतन्य फाउंडेशन’ की संकल्पना पर भी विचार-विमर्श किया गया। ई. रवि तिवारी की अध्यक्षता में पिछले वर्ष योग दिवस से चल रही विचार प्रक्रिया को मूर्त रूप देते हुए चैतन्य फाउंडेशन को औपचारिक रूप से प्रारंभ करने का प्रस्ताव किया गया। ई. रवि तिवारी ने कहा कि डॉ. चैतन्य जी के विचारों और कार्यों को आगे बढ़ाना उनका जीवन लक्ष्य होगा। उन्होंने बताया कि श्याम साधनालय की स्थापना डॉ. चैतन्य जी ने योग शिक्षकों के निर्माण के लिए की थी, जो बाद में ‘विवेक सृष्टि’ तक विस्तारित हुई। अब उनके स्वास्थ्यगत कारणों से इन आयामों को संस्थागत रूप देने के लिए ‘चैतन्य फाउंडेशन’ का गठन किया जा रहा है। श्री शशांक मिश्रा को महासचिव, श्रीमती सीमा तिवारी को उपाध्यक्ष, श्री राजेश श्रीवास्तव को कोषाध्यक्ष और श्री अभिषेक शुक्ला को सहसचिव के रूप में प्रारंभिक पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। जिन लोगों ने डॉ. चैतन्य जी को सहयोग दिया है, वे इस ट्रस्ट के आजीवन सदस्य रहेंगे। यह भी निर्णय लिया गया कि श्याम साधनालय द्वारा बड़ी संख्या में योगाचार्यों के प्रशिक्षण का अभियान चलाया जाएगा और प्रत्येक वर्ष 21 जून को संस्थान से संबद्ध योगाचार्य समाज की सेवा में उपलब्ध रहेंगे। इसके अतिरिक्त, प्रत्येक वर्ष 4 जून से 19 जून तक योग पखवाड़ा और 21 जून को योग संध्या एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। आगामी गुरु पूर्णिमा को विवेक सृष्टि परिसर रामघाट में चैतन्य फाउंडेशन के कार्यालय का अधिकृत शुभारंभ होगा। इस अवसर पर श्रीमती राजलक्ष्मी तिवारी, श्री राम कुमार गुप्ता, श्री राजेश मंध्यान, श्रीमती ममता श्रीवास्तवा, श्रीमती सोनी सिंह, श्री राजपाल, श्री राम सुफल, श्रीमती गीता गुप्ता, सर्वज्ञ सिंह, इंद्रजीत शुक्ला, सूर्यभान पाण्डेय, विनोद तिवारी, सीमा सिंह, आशुतोष पाण्डेय सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे।