अयोध्या में हनुमान कथा मंडप का भव्य लोकार्पण, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह हुए शामिल

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या । धर्मनगरी अयोध्या स्थित प्रसिद्ध सिद्ध पीठ हनुमानगढ़ी में नव-निर्मित हनुमान कथा मंडप का भव्य लोकार्पण समारोह संपन्न हुआ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीते कल इस भव्य मंडप का लोकार्पण किया, जिसके पश्चात आज पूरे अयोध्या और हनुमानगढ़ी के संत-महंतों सहित आम जनमानस के लिए एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर कैसरगंज के पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने सर्वप्रथम हनुमानगढ़ी पहुंचकर बजरंगबली के दर्शन किए और तत्पश्चात नव-निर्मित हनुमान कथा मंडप पहुंचे। वहां उन्होंने गद्दी नशीन महंत प्रेमदास और उपस्थित संत-महंतों का आशीर्वाद लिया और भंडारे में सहभागी बने। मीडिया से बातचीत में बृजभूषण शरण सिंह ने हनुमान कथा मंडप की भव्यता की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा, यह कथा मंडप पूरे मंडल में अपनी तरह का इकलौता स्थान है, जहां एक साथ 10,000 लोग बैठ सकते हैं। यह अत्यंत अद्भुत और प्रेरणादायक है। जनमानस के लिए यह स्थान निश्चित रूप से अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। हम अति प्रसन्न हैं क्योंकि हम भी हनुमानगढ़ी के अंग हैं। हम हनुमानगढ़ी परिवार को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हैं।
हनुमान कथा मंडप के निर्माण से अयोध्या के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को एक नई ऊँचाई मिलने की उम्मीद है। इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया। इस दौरान संकट मोचन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत संजय दास, डॉ. महेश दास, राजेश दास पहलवान, वरिष्ठ पुजारी हेमंत दास, नंदराम दास सहित उपस्थित संत-महंतों ने बृजभूषण शरण सिंह के आगमन पर हार्दिक आभार व्यक्त किया।