अयोध्या में श्रद्धालुओं के लिए शीतल जल की व्यवस्था, पीएसएल और एचएसबीसी ने हनुमानगढ़ी पर स्थापित किया वाटर कूलर

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या । रामनगरी अयोध्या में भीषण गर्मी को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पहल करते हुए पीएसएल और एचएसबीसी कंपनियों ने हनुमानगढ़ी मंदिर के निकास द्वार पर वाटर कूलर (जल प्याऊ) स्थापित किया है। इस जनहितकारी कार्य का शुभारंभ अयोध्या के महापौर गिरीशपति त्रिपाठी, संकट मोचन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत संजय दास और नगर आयुक्त संतोष कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर मुंबई से आए पीएसएल कंपनी के चार्टर्ड अकाउंटेंट आदेश गुप्ता ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि उनकी कंपनी का मुख्य उद्देश्य अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराना है, जिससे वे गर्मी में राहत महसूस कर सकें और स्वस्थ एवं प्रसन्न रहें।
महंत संजय दास ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि हनुमानगढ़ी में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं और गर्मी के मौसम में उन्हें शीतल जल मिलने से बहुत आराम मिलेगा। उन्होंने पीएसएल और एचएसबीसी कंपनियों को इस सराहनीय कार्य के लिए शुभकामनाएं दीं और इसे जनसेवा का एक उत्कृष्ट उदाहरण बताया। कार्यक्रम में महापौर गिरीशपति त्रिपाठी और नगर आयुक्त संतोष कुमार ने भी कंपनियों के इस सहयोग की प्रशंसा की। इस अवसर पर वरिष्ठ पुजारी हेमंत दास, आदेश गुप्ता सहित अनेक श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे। इस वाटर कूलर की स्थापना से हनुमानगढ़ी आने वाले श्रद्धालुओं को गर्मी में निश्चित रूप से बड़ी राहत मिलेगी।