लखनऊ गोमतीनगर थाना पुलिस ने एक लंबे अरसे से फरार चल रहे अभियुक्त अंशुमान पांडेय को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। अभियुक्त सर्वोच्च न्यायालय से मिली पैरोल की शर्तों का उल्लंघन कर जुलाई 2021 से फरार था। पुलिस ने उसे गुरुवार को गोमतीनगर विस्तार स्थित उसके फ्लैट से गिरफ्तार किया।पुलिस के अनुसार, अंशुमान पांडेय निवासी 5/585 विकासखंड, गोमतीनगर, लखनऊ, के खिलाफ थाना गोमतीनगर में वर्ष 2013 में एफआईआर संख्या 416/13 धारा 307, 504, 201, 419, 420, 471 भादवि के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। शिकायतकर्ता, जो कि सत्यानंद उच्च शिक्षा संस्थान में लाइब्रेरियन था, पर अभियुक्त ने वेतन मांगने पर अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से जानलेवा हमला कर दिया था।वर्ष 2021 में अंशुमान को माननीय सर्वोच्च न्यायालय से 90 दिन की पैरोल मिली थी, लेकिन वह तय समयसीमा के बाद फरार हो गया। इससे पहले अक्टूबर 2024 में भी वह एक बार गिरफ्तार हुआ था, पर फिर पैरोल के नियमों की अवहेलना करता रहा।सर्वोच्च न्यायालय ने उसकी अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया था और उसे कोर्ट में पेश करने के आदेश दिए थे। इन आदेशों के अनुपालन में पुलिस ने फ्लैट नंबर एफ-2, हेस्टिया अपार्टमेंट, गोमतीनगर विस्तार से उसे गिरफ्तार किया।अंशुमान के आपराधिक इतिहास में थाना चिनहट में दर्ज एक अन्य केस (एफआईआर 241/2008 धारा 323, 504, 506 व 3 एससी/एसटी एक्ट) भी शामिल है।फिलहाल अभियुक्त को न्यायिक कार्यवाही हेतु न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि ऐसे अपराधियों पर निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।