बस्ती। जन प्रबोधन शिक्षण संस्थान, लक्ष्मणपुर जनपद बस्ती में 17 अप्रैल को एक दिवसीय अवधी-भोजपुरी लोकगीत एवं लोकनृत्य विरासत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रीती महिला एवं बाल विकास सेवा संस्थान, बस्ती – उत्तर प्रदेश एवं संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के आर्थिक सहयोग व दिशा निर्देशन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ ज्ञान की देवी मां सरस्वती के दीप प्रज्वलन व वंदना से हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता गौ सेवा उपाध्यक्ष उत्तर प्रदेश श्री महेश शुक्ल जी ने की। उनका स्वागत अंग वस्त्र, स्मृति चिन्ह और माला द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में मातृभाषा, संस्कृति और लोकनृत्य के महत्व को रेखांकित करते हुए बच्चों को भारतीय संस्कृति अपनाने व उसे आत्मसात करने की प्रेरणा दी।
विद्यालय के छात्रों द्वारा भोजपुरी लोकगीत व लोकनृत्य पर मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं। विशेष रूप से “हिंदू मुस्लिम सिख ईसाई, हम सब हैं भाई-भाई” नामक नाट्य प्रस्तुति ने दर्शकों को एकता व भाईचारे का संदेश दिया। इस कार्यक्रम ने समाज में सद्भावना और सदाचार की भावना को सुदृढ़ करने का कार्य किया।
कार्यक्रम में ग्रामीण व शहरी क्षेत्र से अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही, जिन्होंने बच्चों की प्रतिभा की सराहना की और आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।